धर्म कर्मयात्रा-पर्यटन

अक्षय तृतीया पर्व पर खुले गंगोत्री और यमुनोत्री के कपाट

Chardham Yatra 2023 : उत्तरकाशी। विश्व प्रसिद्ध यमुनोत्री और गंगोत्री धाम मंदिरों के कपाट आज दर्शनार्थियों के लिए विधिविधान से निर्धारित मुहूर्त पर खोल दिए गए हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ हजारों श्रद्धालु कपाटोद्घाटन के साक्षी बने। मंदिरों के कपाट खुलने के दौरान श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई है।

शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खरसाली, यमुनोत्री में पूजा अर्चना की। उसके बाद मां यमुना की उत्सव डोली को शनि देव की अगुवाई में खरशाली से यमुनोत्री धाम के लिए रवाना किया गया। धामी ने कहा कि आज मां यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ ही उत्तराखंड की चारधाम यात्रा का शुभारंभ हो चुका है। 25 अप्रैल को केदारनाथ और 27 अप्रैल को बदरीनाथ के कपाट खुलेंगे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंगोत्री धाम में पूजा-अर्चना कर मां गंगा का आशीर्वाद लिया। कहा कि चारधाम यात्रा के लिए देश विदेश से जो भी श्रद्धालु आएंगे उन्हे दर्शन कराए जाएंगे। यात्रा के दृष्टिगत सभी तैयारियां की गई है। सुरक्षित व सुगम यात्रा के लिए राज्य सरकार कृत संकल्पित है। राज्य में श्रद्धालुओं को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। कहा कि यात्रा की सभी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जा रही है।

गंगोत्री मंदिर समिति के अध्यक्ष हरीश सेमवाल ने बताया कि शुक्रवार को 12:15 मिनट पर मां गंगा की उत्सव डोली अपने शीतकालीन प्रवास मुखबा गांव से गंगोत्री धाम के लिए रवाना हुई। रात्री विश्राम भैरव घाटी स्थित भैरव मंदिर में करने के उपरांत अगले दिन सुबह 8 बजे मां गंगा की उत्सव डोली गंगोत्री धाम पहुंची। जहां विधिविधान के साथ गंगा पूजन, गंगा सहस्त्रनाम पाठ एवं विशेष पूजा अर्चना के बाद सर्वार्थ अमृत सिद्ध योग पर 12:35 पर गंगोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए।

वहीं यमुनोत्री मंदिर समिति के सचिव सुरेश उनियाल ने बताया कि मां यमुना की डोली शनिवार सुबह अक्षय तृतीया के पर्व पर अपने शीतकालीन प्रवास खरसाली गांव से प्रातः 8 बजे शनिदेव की अगुवाई में यमुनोत्री धाम को रवाना हुई। डोली 11 बजे यमुनोत्री धाम पहुंची। जहां पूजा अर्चना एवं हवन करने के बाद वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ अभिजीत मुहूर्त में 12:41 पर यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए दर्शनार्थ खोल दिए गए है।

इस अवसर पर विधायक सुरेश चौहान, जिलाधिकारी अभिषेक रुहेला, एसपी अर्पण यदुवंशी, जिलाध्यक्ष बीजेपी सतेंद्र सिंह राणा, अध्यक्ष कॉपरेटिव बैंक विक्रम सिंह समेत हजारों श्रद्धालु मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!