उत्तराखंडः दो दिन स्थगित चारधाम यात्रा हुई बहाल

देहरादून, 28 सितम्बर। मौसम में सुधार के बाद उत्तराखंड में स्थगित चारधाम यात्रा को बहाल कर दिया गया है। आयुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप ने इस बारे संबंधित जिलाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
उन्होंने बताया कि मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार यात्रियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिगत 26 सितंबर की दोपहर से 27 तारीख तक चारधाम यात्रा स्थगित किया गया था। जिसे मौसम में सुधार के बाद फिर से शुरू कर दिया गया है।
आयुक्त ने कहा कि जिलाधिकारी स्थानीय परिस्थितियों के आलोक में यात्रा संचालन पर निर्णय ले सकते हैं। मार्ग अवरुद्ध होने अथवा अत्यधिक वर्षा व प्रतिकूल मौसम की स्थिति में डीएम यात्रा को अस्थायी रूप से स्थगित कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन द्वारा मौसम और यात्रा मार्गों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। यात्रियों से भी अपील कि वे मौसम की जानकारी लेकर और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए यात्रा करें।



