चमोली गढ़वालयात्रा-पर्यटन

बीकेटीसी के अस्थायी कर्मचारियों का धरना समाप्त

बदरीनाथ, 27 अक्टूबर। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के साथ वार्ता के बाद अस्थायी कर्मचारियों ने धरना समाप्त कर दिया है।

बदरीनाथ और केदारनाथ समेत कई जगहों पर विभिनन मांगों को लेकर बीकेटीसी के अस्थायी कर्मचारियों का दो सप्ताह से आंदोलन जारी था। मंगलवार को बदरीनाथ धाम में अस्थायी कर्मचारी संघ की बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के साथ वार्ता हुई। द्विवेदी ने बताया कि कर्मचारियों की मांगों को लेकर उपसमिति गठित कर दी गई है। जो कि वन टाइम सेटलमेंट घोषणा पर अग्रिम कार्यवाही, समान कार्य-समान वेतन और सम्मानजनक वेतन वृद्धि आदि पर 15 दिन में रिपोर्ट देगी।

द्विवेदी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कर्मचारियों के हित में वन टाइम सेटलमेंट की घोषणा की है, जिस पर समिति और शासन स्तर पर कार्यवाही विचाराधीन है। कहा कि बीकेटीसी बोर्ड की 22 मार्च 2025 की बैठक की कार्यवाही के अनुरूप वेतन निर्धारण की नीति तैयार की जा रही है।

बीकेटीसी अध्यक्ष द्विवेदी ने कार्मिकों से वार्ता के बाद धाम में यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। बीकेटीसी के अनुसार बदरीनाथ में 21,33,616 और केदारनाथ में 18,34,857 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। दोनों धामों में कुल 39,68,473 तीर्थयात्रियों ने दर्शन किए हैं, जबकि चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या 62 लाख पहुंच चुकी है।

कर्मचारियों के साथ वार्ता के दौरान रावल अमरनाथ नंबूदरी, बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, चारधाम यात्रा सलाहकार माधव सेमवाल, वरिष्ठ सदस्य धीरज पंचभैया मोनू, सदस्य राकेश भंडारी और मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़, प्रभारी अधिकारी राकेश सेमवाल, मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़, अतुल डिमरी, संजय भट्ट, राजदीप सनवाल, राजेश नंबूदरी, डा. अमित बंदोलिया, राजेन्द्र पुरोहित, रत्नेश पंवार, मोहन राणा, इंदु देवी, योगिता चौहान, हरीश बिष्ट आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button