पौड़ी गढ़वाल

नौगांवखाल में खुली पूर्व सैनिकों के लिए सीएसडी कैंटीन

पौड़ी, (गढ़वाल), 26 अक्टूबर। कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने एकेश्वर ब्लॉक के नौगांवखाल में भूतपूर्व सैनिकों के लिए सीएसडी कैंटीन का विधिवत उद्घाटन किया। कहा कि इससे पात्र सैनिकों स्थानीय स्तर पर आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध होंगी।

महाराज ने कहा कि भारतीय सेना राष्ट्र के गौरव, अनुशासन, त्याग और समर्पण का प्रतीक है। सैनिकों, पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके परिवारों का सम्मान करना सभी का नैतिक दायित्व है। बताया कि संस्कृति विभाग के अंतर्गत ग्राम सिंवाल में 12 स्वतंत्रता सेनानियों के नाम पर शहीद द्वार, पिनानी में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आनंद सिंह स्मृति द्वार, ग्राम बघेली में बाबा माहेन सिंह उत्तराखण्डी स्मृति द्वार और ग्राम सीला में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बलवंत मियां की मूर्ति स्थापित की जाएगी।

विकासखंड पोखड़ा के ग्राम सकनोली के शहीद मंदीप सिंह के नाम पर देवराड़ी-चलकुडिया मोटर मार्ग का नाम शहीद मंदीप सिंह मोटर मार्ग रखा गया है। ग्राम गिंवाली में शहीद सतवीर सिंह के स्मारक की मरम्मत के लिए विधायक निधि से 1.50 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

महाराज ने बताया कि मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार कोटद्वार में शहीद स्थल निर्माण के लिए भूमि हस्तांतरण हो चुका है। शहीद सैनिकों के आश्रितों को 50 लाख रुपये, घर की मरम्मत के लिए दो लाख रुपये और पूर्व सैनिकों की विधवाओं को पुत्री के विवाह के लिए एक लाख रुपये की सहायता दी जा रही है। द्वितीय विश्व युद्ध के पूर्व सैनिकों और उनकी विधवाओं को प्रतिमाह 10 हजार रुपये मिलते हैं।

इस मौके पर ग्रुप कैप्टन शिव प्रसाद सती, चंद्र सिंह कैंतूरा, एसडीएम रेखा आर्य, कर्नल मनोज उनियाल, सीमा सजवाण, रामेश्वर राणा, भगवती प्रसाद चमोला, संजय ममगाईं, राकेश कुमार गौड़, किशोर कैन्थोला, संजय बमोला, ले. जनरल डीएस राणा, ब्रिगेडियर वीएस नेगी, राजेंद्र सिंह रावत आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button