उत्तराखंड

अनुपूरक बजट में कुंभ और नंदा राजजात को प्राथमिकता

भराड़ीसैंण (गैरसैंण), 27 अक्टूबर। विधानसभा में मंगलवार को पेश अनुपूरक बजट में प्रदेश की धार्मिक व सांस्कृतिक महत्व की यात्राओं से जुड़ी व्यवस्थाओं के साथ पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास पर ध्यान दिया गया है। कुंभ की व्यवस्थाओं के लिए विभिन्न अनुदानों के अंतर्गत अवस्थापना सुविधाओं के लिए समग्र रूप से लगभग 290 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

हरिद्वार में कुंभ से संबंधित तैयारियों के अंतर्गत हरिद्वार-गंगा कॉरिडोर परियोजना को भी बजट में जगह दी गई है। परियोजना के अंतर्गत कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए पूंजीगत मद में 30 करोड़ रुपये प्रस्तावित किए गए हैं।

धार्मिक व सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ी नंदा राजजात यात्रा के संचालन के लिए भी 20 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। वहीं नंदा राजजात यात्रा के लिए बजट में व्यवस्थाओं के लिए धनराशि रखी गई है।

गैरसैंण में पेयजल व्यवस्था से जुड़ी जलापूर्ति बांध परियोजना के लिए 122 करोड़ रुपये का प्रावधान प्रस्तावित किया गया है। पर्वतीय क्षेत्रों में पेयजल की उपलब्धता और भविष्य की आवश्यकताओं को देखते हुए यह महत्वपूर्ण परियोजना है।

जल जीवन मिशन के अंतर्गत ठेकेदारों के बकाया भुगतान सहित अन्य आवश्यकताओं के लिए 300 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके अतिरिक्त पेयजल विभाग की केएफडब्ल्यू परियोजना के लिए लगभग 110 करोड़ रुपये प्रस्तावित हैं।

राज्य में आपदा की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों की व्यवस्था को भी बजट में ध्यान दिया गया है। ज्योर्तिमठ और अन्य स्थानों पर भू-धंसाव को देखते हुए आवश्यक कार्यों के लिए लगभग 48 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button