फूलों की घाटी पर्यटकों के लिए बंद, टूटे पिछले रिकॉर्ड

जोशीमठ, 31 अक्टूबर। विश्व प्रसिद्ध फूलों की घाटी को शीतकाल के लिए बंद कर दिया गया है। मौजूदा सीजन में रिकॉर्ड 35,261 पर्यटकों ने घाटी का दीदार किया, जो अब तक का सर्वाधिक आंकड़ा है।
वन क्षेत्राधिकारी आशीष जिरवान ने बताया कि इस सीजन में घाटी में 34,996 भारतीय और 265 विदेशी पर्यटक पहुंचे। भारतीय पर्यटकों में 21,306 पुरुष, 8,604 महिलाएं, 4,431 विद्यार्थी और शोधकर्ता व 12 वर्ष से अधिक आयु के 124 बच्चे शामिल रहे। वहीं 531 वृद्ध पर्यटकों ने भी घाटी की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लिया। विदेशी पर्यटकों में 127 पुरुष और 138 महिलाएं शामिल थीं।
उन्होंने बताया कि पर्यटकों की आवाजाही से वन विभाग को कुल 67 लाख 7 हजार 500 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
गौरतलब है कि 27 सितंबर को अत्यधिक बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी के चलते पर्यटकों की सुरक्षा के मद्देनजर घाटी को एहतियातन एक दिन के लिए बंद रखा गया था। इसके बावजूद पर्यटकों की संख्या ने पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए।
हिमालय की गोद में स्थित फूलों की घाटी अपनी दुर्लभ पुष्प प्रजातियों, रंग-बिरंगे फूलों, अनूठी वनस्पतियों और समृद्ध जैव विविधता के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है। इस सीजन पर्यटकों की रिकॉर्ड आमद ने अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर घाटी की लोकप्रियता को एक बार फिर साबित किया है।



