
देहरादून, 30 अक्टूबर। उत्तराखण्ड के युवाओं को देश-विदेश में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में पहल की जा रही है। इस संबंध में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में सचिवालय में राज्य संचालन समिति की बैठक हुई। बैठक में स्पेक्ट्रम टैलेंट मैनेजमेंट लिमिटेड ने प्रस्तावित रोजगार योजना का प्रस्तुतीकरण दिया।
मुख्य सचिव ने कंपनी और संबंधित अधिकारियों को प्रस्ताव के सभी पहलुओं को शामिल करते हुए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। कहा कि सबसे पहले रोजगार योजना की आय संबंधी व्यवस्था स्पष्ट की जाए। यह तय किया जाए कि इसके माध्यम से कितने लोगों को रोजगार मिलेगा, युवाओं को किस तरह का कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा और प्रशिक्षण के बाद रोजगार उपलब्ध कराने की व्यवस्था कैसे होगी।
उन्होंने रोजगार की संभावित मांग के अनुरूप प्रशिक्षण कार्यक्रम तैयार करने और अनुभवी प्रशिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। कहा कि युवाओं को बाजार की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षित किया जाए, ताकि उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।
मुख्य सचिव ने सभी गतिविधियों के लिए समयसीमा निर्धारित कर कार्य पूरा करने को कहा। उन्होंने संबंधित विभागों, कंपनी और अन्य हितधारकों के बीच समन्वय के लिए विस्तृत कार्यशाला आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रस्ताव को राष्ट्रीय संचालन समिति से आवश्यक अनुमोदन प्राप्त करने को कहा।
बैठक में सचिव सी. रविशंकर, रणवीर सिंह चौहान, अपर सचिव मनुज गोयल, स्पेक्ट्रम टैलेंट मैनेजमेंट लिमिटेड के निदेशक सिद्धार्थ अग्रवाल आदि अधिकारी मौजूद थे।



