सड़क मार्ग से लौटे सीएम धामी, दिखा ‘लोकल अंदाज’

श्रीनगर/देवप्रयाग, 28 अक्टूबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को गैरसैंण विधानसभा सत्र से देहरादून लौटते समय श्रीनगर-देवप्रयाग राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहाड़ी के उपचारात्मक कार्यों का निरीक्षण किया। वहीं देवप्रयाग में शौचालय की सफाई व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए सुधार के निर्देश दिए। श्रीनगर में धामी ने एक चाय की दुकान पर रुककर चाय की चुस्कियां भी ली। 
सड़क सुरक्षा के कार्यों में गुणवत्ता पर जोर
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहाड़ी के उपचारात्मक कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। साथ ही इंजीनियरों से वर्तमान स्थिति और आगामी कार्ययोजना की जानकारी भी ली। कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर सुरक्षा सुनिश्चित करने और संवेदनशील स्थलों पर उपचारात्मक कार्य प्रभावी ढंग से पूरा करना आवश्यक है।
सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और तकनीकी मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए। कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के साथ उनकी नियमित निगरानी भी सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने इंजीनियरों और श्रमिकों से संवाद कर विकास कार्यों में उनके योगदान की सराहना की। इस दौरान उन्होंने श्रमिकों के साथ फोटो भी खिंचवाई।
शौचालय में सफाई व्यवस्था पर नाराज हुए सीएम
देवप्रयाग में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सुलभ शौचालय के निरीक्षण के दौरान गंदगी दिखने पर नाराजगी जताई। उन्होंने अधिशासी अधिकारी को तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। कहा कि देवप्रयाग धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल है। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु, पर्यटक और स्थानीय लोग आते-जाते हैं। ऐसे में सार्वजनिक सुविधाओं का स्वच्छ और सुव्यवस्थित होना जरूरी है। विशेष रूप से राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे बने शौचालयों में साफ-सफाई और रखरखाव की उचित व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि यात्रियों को परेशानी न हो। कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।
चाय की दुकान पर रुके धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी देहरादून लौटते समय श्रीनगर चुंगी के समीप मंगल सिंह की चाय की दुकान पर रुके। यहां उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ चाय पी और दुकानदारों से बातचीत की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं बच्चियों, नागरिकों और अधिकारियों को चाय भी परोसी। स्थानीय दुकान पर चाय पीने की उनकी पहल को छोटे कारोबारियों को प्रोत्साहन देने और ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना को बढ़ावा देने के संदेश के रूप में देखा गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने आम लोगों से सहज मुलाकात कर जनसंपर्क की झलक भी प्रस्तुत की।



