ऋषिकेश

ई-कचरा प्रबंधन के प्रति छात्रों को किया जागरूक

ऋषिकेश, 28 अक्टूबर। भरत मंदिर इंटर कॉलेज में ई-कचरा प्रबंधन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रधानाचार्य यमुना प्रसाद त्रिपाठी ने छात्र-छात्राओं को इलेक्ट्रॉनिक कचरे के दुष्प्रभावों और उसके सुरक्षित निस्तारण की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि मोबाइल, टेलीविजन, फ्रिज, रेडियो समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से निकलने वाले कचरे को इधर-उधर नहीं फेंकना चाहिए। ऐसे कचरे को निर्धारित संग्रह केंद्रों पर देना चाहिए, जहां उसका उचित पुनर्चक्रण किया जा सके। कहा कि ई-कचरे को जलाना नहीं चाहिए। इससे निकलने वाले हानिकारक पदार्थ पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हैं।

प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों से ई-कचरे के सुरक्षित निस्तारण के प्रति स्वयं जागरूक रहने और दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की।

मौके पर एनसीसी अधिकारी लखविंदर सिंह, प्रवक्ता शिव प्रसाद बहुगुणा, जितेंद्र बिष्ट, जयकृत सिंह रावत, रंजन अंथवाल, विकास नेगी, अजय कुमार आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button