विधायक ने निर्माणाधीन बहुमंजिला पार्किंग का किया निरीक्षण

ऋषिकेश, 24 अक्टूबर। विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने निर्माणाधीन बहुमंजिला पार्किंग का एमडीडीए और नगर निगम के अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। उन्होंने गुणवत्ता के साथ परियोजना को तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही श्रमिकों के लिए सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने को भी कहा।
शनिवार को निरीक्षण के दौरान अग्रवाल ने पार्किंग परिसर में हॉल के साथ मंदिर का निर्माण कराने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को पूजा-अर्चना के लिए उचित स्थान मिल सके।
पेयजल लाइन के कारण निर्माण कार्य में आ रही बाधा पर अग्रवाल ने जलकल अभियंता अरुण रावत को लाइन जल्द हटाने के निर्देश दिए। साथ ही पार्किंग के समीप पानी की टंकी से रिसाव को रोकने को कहा। विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता वीके सिंह को विधायक ने निर्माण स्थल से ट्रांसफार्मर हटाने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि करीब 125 करोड़ रुपये की लागत से बन रही पार्किंग की क्षमता 1050 वाहनों की होगी। इससे ऋषिकेश में पार्किंग की समस्या कम करने और यातायात व्यवस्था सुधारने में मदद मिलेगी।
मौके पर एमडीडीए के अधिशासी अभियंता सुनील कुमार, कनिष्ठ अभियंता सुनील उप्रेती, नगर आयुक्त विजय नाथ शुक्ला, कनिष्ठ अभियंता संदीप रतूड़ी, मनोज ध्यानी, दीपक बिष्ट, शिवकुमार गौतम, सोनू पाण्डे, पवन गोयल आदि मौजूद रहे।



