चमोली गढ़वाल

गैरसैंण के विकास के लिए सरकार प्रतिबद्धः धामी

गैरसैंण, 28 अक्टूबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार गैरसैंण के विकास और जनभावनाओं के सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है। इस वर्ष गैरसैंण में दो विधानसभा सत्र आयोजित किए गए। सदन में जनहित के मुद्दों पर सार्थक चर्चा और आवश्यक निर्णय सरकार की प्राथमिकता हैं।

विधानसभा सत्र समापन के बाद मीडिया से मुखातिब सीएम धामी ने विपक्ष से लोकतांत्रिक मर्यादाओं के अनुरूप व्यवहार करने की अपील की। कहा कि विरोध करना विपक्ष का अधिकार है, लेकिन हंगामे से जनसमस्याओं पर चर्चा प्रभावित होती है। कांग्रेस को जनहित के विषयों पर सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए।

धामी ने कहा कि सरकार ने वर्ष 2022 के दृष्टिपत्र के अनुरूप समान नागरिक संहिता लागू करने, सख्त भू-कानून बनाने और शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में सुधार के कदम उठाए हैं। कहा कि सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखकर निर्णय लिए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड राज्य आंदोलन और रामपुर तिराहा कांड का उल्लेख करते हुए कहा कि आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान से राज्य का निर्माण हुआ। उन्होंने अखिलेश यादव के बयान पर आपत्ति जताते हुए राज्य की जनभावनाओं का सम्मान करने की बात कही। साथ ही, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के प्रति सम्मानजनक भाषा के इस्तेमाल पर जोर दिया।

भ्रष्टाचार के आरोपों को निराधार बताते हुए मुख्यमंत्री ने पारदर्शिता और सुशासन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। बताया कि 7,844.18 करोड़ रुपये के अनुपूरक बजट में स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, कृषि, बुनियादी सुविधाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए अतिरिक्त प्रावधान किए गए हैं। सरकार का लक्ष्य पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों तक विकास का लाभ पहुंचाना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button