चमोली गढ़वाल

गैरसैंण में 231.91 करोड़ की 12 विकास योजनाओं की सौगात

गैरसैंण, 28 अक्टूबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भराड़ीसैंण में जनपद चमोली की 231.91 करोड़ रुपये की लागत वाली 12 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 197.87 करोड़ रुपये की छह योजनाओं का शिलान्यास और 34.04 करोड़ की छह योजनाओं का लोकार्पण शामिल है।

मुख्यमंत्री ने 122.69 करोड़ रुपये की लागत से रामगंगा नदी पर बांध निर्माण योजना का शिलान्यास किया। इससे गैरसैंण शहर और आसपास की आबादी को पेयजल उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इसके अलावा कर्णप्रयाग के बहुगुणानगर में 50.18 करोड़ रुपये की लागत से भू-धंसाव से सुरक्षा कार्य, राजकीय पॉलिटेक्निक गैरसैंण के भवन निर्माण और राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय बछुवाबाण में अनुरक्षण कार्य का शिलान्यास किया।

सड़क संपर्क को बेहतर बनाने के लिए कुमोली रैवान और गैरसैंण-पज्याणा मोटर मार्गों से संबंधित कार्यों की भी आधारशिला रखी गई। वहीं, मुख्यमंत्री ने 34.04 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण छह योजनाओं का लोकार्पण किया। इनमें खजुरखाल-भंडारीखोड़-कुनीगाड़ मोटर मार्ग का उच्चीकरण, राजकीय इंटर कॉलेज गैरसैंण में ऑडिटोरियम भवन, विभिन्न मोटर मार्गों पर सुधार एवं डामरीकरण कार्य शामिल हैं।

इसके साथ ही गैरसैंण में 4.37 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित फायर यूनिट भवन और 4.24 करोड़ रुपये की लागत से बने थाना गैरसैंण भवन का भी लोकार्पण किया गया। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में आवागमन, पेयजल आपूर्ति, शैक्षिक सुविधाओं और पुलिस एवं अग्निशमन सेवाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

मौकेपर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, डॉ. धन सिंह रावत, भरत चौधरी, विधायक अनिल नौटियाल, जिलाधिकारी गौरव कुमार, एसपी सुरजीत सिंह पंवार, सीडीओ डॉ. अभिषेक त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button