
देहरादून, 31 अक्टूबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड पुलिस के नए ध्वज, प्रतीक चिह्न, फॉरमेशन साइन, इंसिग्निया, क्रेस्ट और सेरेमोनियल वर्दी का अनावरण किया। उन्होंने ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ थीम पर आधारित सतर्कता जागरूकता सप्ताह का शुभारंभ भी किया।
शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड पुलिस सेवा से भारतीय पुलिस सेवा में प्रोन्नत शाहजहां जावेद खान और जगदीश चंद्र को प्रतीक चिह्न से अलंकृत किया। कहा कि पुलिस की नई पहचान केवल वर्दी और प्रतीकों में बदलाव नहीं, बल्कि बल की गौरवशाली परंपराओं, शौर्य, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा को और मजबूत करने की पहल है।
स्ीएम धामी ने कहा कि पुलिस का नया ध्येय वाक्य ‘कर्म सत्यं शौर्यम्’ कर्तव्यनिष्ठा, सत्यनिष्ठा और साहस का संदेश देता है। नई पहचान का वास्तविक सम्मान तभी होगा, जब पुलिस के व्यवहार में संवेदनशीलता, कार्यप्रणाली में दक्षता और कार्रवाई में निष्पक्षता दिखाई दे। राज्य सरकार पुलिस को आधुनिक तकनीक से सुसज्जित और अधिक सक्षम बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
भ्रष्टाचार की शिकायतों पर होगी नियमित समीक्षा
सतर्कता जागरूकता सप्ताह के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने प्रदेशवासियों से भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने और शिकायतें हेल्पलाइन नंबर 1064 पर दर्ज कराने की अपील की। साथ ही मुख्य सचिव को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की तर्ज पर 1064 की भी नियमित समीक्षा की जाए और प्रत्येक शिकायत पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित हो।
6 नवंबर को मिलेगा राष्ट्रपति पुलिस कलर
मुख्यमंत्री ने बताया कि 6 नवंबर को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह उत्तराखंड पुलिस को प्रतिष्ठित ‘राष्ट्रपति पुलिस कलर’ से अलंकृत करेंगे। इस अवसर पर पुलिसकर्मी नई सेरेमोनियल वर्दी में परेड में शामिल होंगे। नए पुलिस प्रतीक चिह्न में अशोक स्तंभ, सत्यमेव जयते, स्वर्णिम लॉरेल रीथ, हिमालय और नदी को शामिल किया गया है। वहीं, गहरे नीले रंग की पृष्ठभूमि वाले नए ध्वज में लाल व स्वर्णिम किनारे दिए गए हैं। उल्लेखनीय है कि उत्तराखण्ड पुलिस के ध्वज का पिछला अनावरण 4 अप्रैल 2008 को हुआ था। मुख्यमंत्री ने 21 अक्टूबर 2026 को नए स्वरूप को अनुमोदन प्रदान किया था।
यह रहे समारोह में मौजूद
मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगोली, महानिदेशक पी.वी.के. प्रसाद, महानिदेशक अभिसूचना एवं सुरक्षा अभिनव कुमार, अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ. वी. मुरुगेशन, सचिव दिलीप जावलकर, आर. राजेश कुमार, पंकज पांडेय, पुलिस महानिरीक्षक रिधिम अग्रवाल आदि।



