देहरादून

पीआरडी जवानों का बढ़ेगा मानदेय, ग्राम पंचायतों में बनेगा खेल क्लब

रन फॉर यूनिटी में मुख्यमंत्री ने युवाओं और खिलाड़ियों को दी सौगात

देहरादून, 31 अक्टूबर। राष्ट्रीय एकता दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पवेलियन ग्राउंड से शुरू ‘रन फॉर यूनिटी’ दौड़ को हरी झंडी दिखाई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पीआरडी जवानों, युवाओं और खिलाड़ियों को लेकर कई महत्वपूर्ण भी घोषणाएं कीं।

शनिवार को आयोजित रन फॉर यूनिटी दौड़ के अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल की दृढ़ इच्छाशक्ति और दूरदर्शिता ने देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत आधार दिया। उन्होंने युवाओं से अनुशासन, परिश्रम और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने, खेल एवं योग को दिनचर्या में शामिल करने और नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने नशामुक्त उत्तराखण्ड के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान भी किया।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों के मानदेय में वृद्धि करने की घोषणा करते हुए कहा कि इस संबंध में जल्द बैठक आयोजित की जाएगी। साथ ही प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लब गठित किए जाएंगे, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय प्रतिभाओं को बेहतर अवसर मिलेंगे।

उन्होंने देहरादून के आमवाला स्थित युवा केंद्र से लगी रिक्त भूमि युवा कल्याण विभाग को हस्तांतरित करने की घोषणा की। यहां मिनी स्टेडियम और अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र बनाया जाएगा। इससे युवाओं को खेल सुविधाओं के साथ सेना में भर्ती की तैयारी के लिए प्रशिक्षण मिल सकेगा।

मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत विभिन्न स्तरों पर विजेता खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि में भी बढ़ोतरी की जाएगी। न्याय पंचायत स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार क्रमशः 400, 300 और 200 रुपये होंगे। विधानसभा स्तर पर यह राशि 700, 500 और 400 रुपये, संसदीय क्षेत्र स्तर पर 1,000, 800 और 600 रुपये तथा राज्य स्तर पर 2,000, 1,500 और 1,000 रुपये होगी।

ओवरऑल विजेता जनपद को मिलने वाले मुख्यमंत्री कप की पुरस्कार राशि भी पांच लाख से बढ़ाकर 10 लाख रुपये कर दी गई है। वर्तमान में आयोजित 32 खेल प्रतियोगिताओं की संख्या बढ़ाकर 50 की जाएगी। इनमें पारंपरिक खेलों को भी शामिल किया जाएगा। साथ ही प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए निर्धारित कुल धनराशि में भी वृद्धि की जाएगी।

मौके पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, खजान दास, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, महापौर सौरभ थपलियाल, विधायक बृजभूषण गैरोला, उत्तराखंड राज्य स्तरीय खेल परिषद अध्यक्ष कुलदीप बुटोला, उपाध्यक्ष हेमराज बिष्ट, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, निदेशक खेल दीप्ति सिंह आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button