उत्तराखंडऋषिकेश

प्रदेशवासियों को नौ रजत जयंती पार्क समर्पित

सीएम ने देहरादून जनपद को भी दी 36 कराड़े की सौगात

ऋषिकेश, 10 नवम्बर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को चन्द्रेश्वरनगर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और उत्तरकाशी के नौ नगर निकायों में विकसित देवभूमि रजत जयंती पार्कों का लोकार्पण किया। वहीं देहरादून जनपद में करीब 36 करोड़ रुपये की सात विकास योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास भी किया। इसबीच सीएम धामी ने आठ कूड़ा संग्रहण वाहनों को भी हरी झंडी दिखाई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रजत जयंती वर्ष में सरकार ने राज्य स्थापना की स्मृतियों को विकास कार्यों के रूप में धरातल पर उतारने का संकल्प लिया है। पार्कों के माध्यम से शहरी क्षेत्रों में बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं को बेहतर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध होंगे।

उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी 108 नगर निकाय खुले में शौच से मुक्त हो चुके हैं। ऋषिकेश और हरिद्वार को वाटर प्लस प्रमाणन मिला है। शहरी क्षेत्रों में 90 प्रतिशत से अधिक कचरे का वैज्ञानिक प्रसंस्करण हो रहा है। पुराने कचरे के निस्तारण से करीब 109 एकड़ भूमि पुनः उपयोग योग्य बनाई गई है। चारधाम यात्रा मार्गों पर डिजिटल डिपॉजिट-रिफंड व्यवस्था से 60 हजार किलोग्राम से अधिक प्लास्टिक वापस एकत्र किया गया है।

सीएम धामी ने कहा कि 107 नगर निकायों के लिए करीब 1,375 करोड़ रुपये की स्वच्छता कार्ययोजना तैयार की गई है। इसके तहत 27 सीवेज व फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किए जा रहे हैं। अमृत योजना के पहले चरण की 151 परियोजनाओं में से 148 पूरी हो चुकी हैं, जिनसे 72 हजार से अधिक घरों को नल कनेक्शन मिले हैं। अमृत 2.0 के तहत करीब 650 करोड़ रुपये की परियोजनाओं से 40 हजार अतिरिक्त घरों तक पेयजल पहुंचाने का लक्ष्य है।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) में 62 हजार से अधिक आवास स्वीकृत हुए हैं, 50 हजार से अधिक परिवारों को पक्के मकान मिल चुके हैं। प्रदेश में 35 रैन बसेरे संचालित हैं। 114 शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों से तीन लाख से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं मिली हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऋषिकेश सहित चयनित शहरों में 874 करोड़ रुपये से पेयजल, सीवरेज और शहरी आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। आगामी कुंभ-2027 के लिए हरिद्वार में डिजिटल स्वच्छता निगरानी प्रणाली विकसित की जा रही है। उन्होंने स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चयनित रुद्रपुर और काशीपुर नगर निगमों को बधाई दी। साथ ही विकास और स्वच्छता कार्यों में जनभागीदारी का आह्वान किया।

मौके पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल, मेयर शंभू पासवान, भाजपा नेता राजेन्द्र तड़ियाल, राज्य महिला आयोग अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल, निदेशक शहरी विकास विनोद गिरी गोस्वामी आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button