धनौल्टी क्षेत्र को मिली ₹52.55 करोड़ की विकास योजनाएं

नई टिहरी, 12 नवम्बर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने धनौल्टी विधानसभा अंतर्गत थत्यूड़ में आयोजित नौवें जौनपुर महोत्सव एवं क्रीड़ा-सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ₹52.55 करोड़ की 26 विकास योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इनमें ₹3050.63 लाख की 11 योजनाओं का लोकार्पण और ₹2204.62 लाख की 15 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के समग्र विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजन हमारी समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं, लोककला और लोक संगीत के संरक्षण एवं संवर्धन के महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इनके माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार टिहरी औऱ आसपास के क्षेत्रों को पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। लगभग ₹1300 करोड़ की लागत से टिहरी झील एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष पर्यटक क्षेत्र विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। टिहरी झील के चारों ओर रिंग रोड का निर्माण किया जा रहा है, जिससे पर्यटन गतिविधियों के विस्तार के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सड़क व पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के लिए अनेक कार्य किए गए हैं। कैम्पटी-चड़ोगी मोटर मार्ग पर भूस्खलन की समस्या के स्थायी समाधान के लिए लगभग ₹6 करोड़ की लागत से सुरक्षा उपचार कार्य पूर्ण कराया गया है। इसी प्रकार ₹10 करोड़ से अधिक की लागत से कैम्पटी-चड़ोगी हल्का वाहन मोटर मार्ग के परिवर्तन एवं डामरीकरण का कार्य भी पूर्ण किया गया है। पर्यटकों की सुविधा के लिए कद्दूखाल में ₹8 करोड़ से अधिक की लागत से वाहन पार्किंग का निर्माण कराया जा रहा है।
धामी ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन रोकना राज्य सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए पर्यटन, कृषि, उद्यानिकी, स्थानीय उत्पादों और स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है। एक जनपद, दो उत्पाद जैसी पहलों के साथ ही हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के माध्यम से उत्तराखण्ड के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड ने अपनी शुरुआत से अब तक ₹6 करोड़ से अधिक की बिक्री का आंकड़ा पार किया है। यह प्रदेश की मातृशक्ति, किसानों और स्थानीय उत्पादकों के परिश्रम और उनके उत्पादों की गुणवत्ता का प्रमाण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्टेट मिलेट मिशन, फार्म मशीनरी बैंक, एप्पल मिशन, नई पर्यटन नीति, होमस्टे और वेड इन उत्तराखण्ड जैसी पहलों से स्थानीय स्तर पर आजीविका के नए अवसर विकसित हो रहे हैं। राज्य सरकार के प्रयासों से रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। प्रदेश में सख्त नकल विरोधी कानून लागू कर भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा कि राज्य में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं ।
मुख्यमंत्री ने धनौल्टी-मोरियाणा-नागटिब्बा मोटर मार्ग के निर्माण की स्वीकृति देने, जौनपुर विकासखंड में पालीगाड़ से थत्यूड़ बाजार तक आबादी बाढ़ सुरक्षा योजना के लिए ₹273 लाख तथा भवन बाजार के आबादी वाले क्षेत्र की सुरक्षा के लिए ₹4 करोड़ 72 लाख की स्वीकृति देने की घोषणा की।
इसके साथ ही थत्यूड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय के रूप में उच्चीकृत करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की विभिन्न सड़कों के निर्माण एवं डामरीकरण से संबंधित मांगपत्रों पर विचार करने के उपरांत उन्हें घोषणाओं में शामिल करने की बात भी कही।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ग्राम सभा साबली के प्रगतिशील कृषक कबूल चंद पुंडीर द्वारा कृषि एवं उद्यानिकी के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों की सराहना की। उन्होंने सेब मिशन के अंतर्गत सेब उत्पादन के साथ अदरक, कीवी, केसर, पुष्प, आलू एवं रोजमैरी जैसी फसलों की खेती के माध्यम से स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उनके प्रयासों को प्रेरणादायी बताया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ग्राम सभा पापरा निवासी साहित्यकार देवेन्द्र प्रसाद चमोली को गढ़वाली भाषा में रामायण और महाभारत जैसे महत्वपूर्ण ग्रंथों के अनुवाद के माध्यम से साहित्य एवं लोकभाषा के संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘जौनपुर रत्न’ सम्मान प्रदान किया। इस अवसर पर महोत्सव समिति के अध्यक्ष वीरेंद्र राणा ने मुख्यमंत्री को अभिनंदन पत्र और कार्यक्रम अध्यक्ष सुरेंद्र रावत ने स्मृति चिह्न भेंट किया।
स्थानीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार ने क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं व स्वीकृत कार्यों के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार ने भी क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए विभिन्न स्थानीय आवश्यकताओं से अवगत कराया।
मौके पर दर्जा राज्य मंत्री गीता रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, पूर्व विधायक महावीर रांगड़, नगर पालिका मसूरी अध्यक्ष मीरा सकलानी, पूर्व अध्यक्ष मनमोहन मल्ल आदि मौजूद रहे।



