देवप्रयाग में खाई में गिरी कार, 02 की मौत, 03 घायल

देवप्रयाग, 15 अक्टूबर। उत्तराखंड के देवप्रयाग में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और ग्रामीणों को रेस्क्यू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहीं, एसडीआरएफ की टीमें भी मौके पर पहुंची।
जानकारी के अनुसार, चंडीगढ़ से रुद्रप्रयाग जा रही एक मारुति वैगनआर कार संख्या एचआर 68 सी 1242 ग्राम पाली स्थित रिवर व्यू कैफे के पास अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 150 मीटर नीचे नदी किनारे जा गिरी। हादसे के समय वाहन में कुल पांच लोग सवार थे।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ ब्यासी और श्रीनगर की टीमें मौके पर पहुंचीं। स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को खाई से बाहर निकाला और 108 एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
एसडीआरएफ ने कार में फंसे दोनों शवों को बाहर निकाला। शवों को नदी मार्ग से राफ्ट के सहारे नदी पार कराकर देवप्रयाग पहुंचाया गया, जिन्हें बाद में पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
मृतकों की पहचान सत्येश्वरी देवी (72) पत्नी हुकम सिंह चौहान, निवासी किमखाल कर्णप्रयाग (चमोली) और कार चालक अनिल के रूप में हुई है। जबकि घायलों में उत्तम सिंह (33) पुत्र मोहन सिंह निवासी ग्राम लाडोली रुद्रप्रयाग, टीशा रावत (18) पुत्र लक्ष्मण सिंह रावत और सुनीता देवी (45) पत्नी लक्ष्मण सिंह रावत दोनों निवासी ग्राम बीना रुद्रप्रयाग शामिल हैं।



