मनोरंजन

गढ़वाली फिल्म ‘ढोली’ देहरादून में प्रदर्शित

देहरादून, 28 नवंबर। 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित गढ़वाली फिल्म ‘ढोली’ का सेंट्रियो मॉल में प्रदर्शन शुरू हो गया। फिल्म 27 नवंबर से देश के प्रमुख सिनेमाघरों में प्रदर्शित हो रही है। इसे गढ़वाली सिनेमा के इतिहास में गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

शुभारंभ पर फिल्म विकास परिषद के नोडल अधिकारी केएस चौहान ने कहा कि पहाड़ में व्याप्त कुरीतियों के उन्मूलन के लिए ऐसी सार्थक फिल्मों का निर्माण जरूरी है। उन्होंने ढोल को उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान बताते हुए ढोल वादकों को उचित पारिश्रमिक और सम्मान देने की आवश्यकता पर जोर दिया।

गढ़वाल सभा के प्रवक्ता अजय जोशी ने कहा कि फिल्म समरसता का संदेश देती है, जिसकी आज समाज और देश को जरूरत है। गढ़वाल सभा अध्यक्ष रोशन धस्माना ने पटकथा और निर्देशन की प्रशंसा की। साहित्यकार मदन डुकलान ने इसे उत्तराखंडी सिनेमा के लिए बेहतर मार्ग प्रशस्त करने वाली फिल्म बताया।

नरेंद्र रौथाण, अमित वी. कपूर, कुलानंद घनशाला और प्रो. दर्शन सिंह नेगी ने फिल्म के संदेश, अभिनय और निर्देशन को सराहते हुए इसे सामाजिक भेदभाव पर प्रभावी प्रहार बताया। निर्देशक कांता प्रसाद ने भी फिल्म को शानदार बताते हुए सिनेप्रेमियों से सिनेमाघरों में देखने की अपील की।

फिल्म के निर्माता सुनील नायक, निर्देशक दिनेश पी. भोसले, संगीत नरेंद्र सिंह नेगी और कहानी व गीत डॉ. नंद किशोर हटवाल ने लिखे हैं। मौके पर गजेंद्र भंडारी, वीरेंद्र असवाल, प्रदीप भंडारी, गोकुल पंवार, आशु चौहान, जेएस थापा, राजेश जोशी, बृज रावत, संजय चमोली, अवि नंदा, उदित पांडे, पंडित सुशान्त राज, लक्की सिंह, कृपाराम नौटियाल, अतुल विश्नोई, रमेश नौड़ियाल, सतीश धौलाखंडी, गायत्री टम्टा, सोनिया गैरोला, ऋषभ, तन्मय, पंकज डंगवाल, अतुल रावत आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button