ऋषिकेश में होगी द बीटल्स पर आधारित फिल्म क्लोवर की शूटिंग
सीएम पुष्कर सिंह धामी से मिला फिल्म निर्माण से जुड़ा प्रतिनिधिमंडल

देहरादून, 18 अक्टूबर। विश्वप्रसिद्ध ब्रिटिश संगीत समूह ‘द बीटल्स’ पर आधारित अंतरराष्ट्रीय फिल्म परियोजना ‘क्लोवर’ की शूटिंग अगले वर्ष फरवरी में ऋषिकेश स्थित ऐतिहासिक चौरासी कुटिया (बीटल्स आश्रम) में प्रस्तावित है। इस संबंध में अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माताओं के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट कर चर्चा की।
प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, ऑस्कर विजेता फिल्म निर्देशक सर सैम मेंडेस के निर्देशन में बन रही इस परियोजना के तहत ‘द बीटल्स’ के चारों सदस्यों के जीवन और संगीत यात्रा पर आधारित चार अलग-अलग फिल्में बनाई जा रही हैं। सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट के लिए नील स्ट्रीट प्रोडक्शंस द्वारा एप्पल कॉर्प्स के सहयोग से तैयार की जा रही इस शृंखला का नाम ‘द बीटल्सः ए फोर-फिल्म सिनेमैटिक इवेंट’ है। फिल्मों को अप्रैल 2028 में दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज करने की योजना है।
ऋषिकेश में प्रस्तावित शूटिंग के दौरान 100 से अधिक अंतरराष्ट्रीय और लगभग 150 भारतीय क्रू सदस्यों के साथ स्थानीय तकनीशियनों और सहयोगियों की सेवाएं भी ली जाएंगी। भारत में फिल्म निर्माण से जुड़े कार्यों का समन्वय ‘ऑन द रोड इंडिया’ कर रहा है। परियोजना से स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन के साथ होटल, परिवहन और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड अपनी प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विविध शूटिंग लोकेशन के कारण प्रमुख फिल्म डेस्टिनेशन के रूप में उभरा है। राज्य सरकार की फिल्म नीति-2024 के तहत निर्माताओं को सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि ऋषिकेश का ‘द बीटल्स’ से ऐतिहासिक जुड़ाव रहा है। यहां फिल्म की शूटिंग से उत्तराखण्ड की आध्यात्मिक विरासत को वैश्विक पहचान मिलने के साथ अंतरराष्ट्रीय पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
प्रतिनिधिमंडल में बाफ्टा पुरस्कार के लिए नामित ब्रिटिश फिल्म निर्माता सुएलेक्जेंड्रा डर्बीशायर, भारतीय फिल्म निर्माता दिलीप सिंह राठौर और सुपरवाइजिंग लोकेशन मैनेजर सुएम्मा पिल शामिल थीं।



