
देहरादून, 18 अक्टूबर। बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। इस दौरान उत्तराखंड की फिल्म नीति, फिल्म निर्माण की संभावनाओं और फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने पर चर्चा हुई। अक्षय कुमार इनदिनों मसूरी और लैंडोर क्षेत्र में फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड देश के प्रमुख फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विविध भौगोलिक परिस्थितियां फिल्म निर्माताओं को आकर्षित कर रही हैं। बड़े फिल्म प्रोजेक्ट्स की शूटिंग से राज्य की पहचान को नई मजबूती मिल रही है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड फिल्म नीति के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। निर्माताओं को सिंगल विंडो सिस्टम से अनुमति और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करने के लिए अनुदान की व्यवस्था भी की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश में अधिक से अधिक फिल्मों की शूटिंग को बढ़ावा देना है, ताकि स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हों। वहीं फिल्म निर्माण गतिविधियों में वृद्धि से पर्यटन, होटल व्यवसाय, परिवहन आदि स्थानीय कारोबार को भी लाभ मिल रहा है।



