नैनीताल

20 दिन में परीक्षा परिणाम, प्रवेश में 4 फीसदी की बढ़ोतरी

उत्तराखंड मुक्त विवि के कुलपति ने गिनाई विवि की उपलब्धियां

हल्द्वानी, 17 अक्टूबर (जगमोहन रौतेला)। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय ने जुलाई 2026 सत्र की परीक्षाओं के बाद महज 17 दिनों में परिणाम घोषित कर समयबद्ध मूल्यांकन की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। वहीं, विवि में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों की संख्या बढ़कर 48,444 पहुंच गई है।

शनिवार को कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने प्रेस से विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, पर्यावरण संरक्षण की पहल और आगामी कार्यक्रमों को साझा किया। कुलपति ने बताया कि जुलाई 2026 सत्र की परीक्षाएं 20 जुलाई से 27 अगस्त तक आयोजित की गईं, जबकि केंद्रीय मूल्यांकन 13 सितंबर तक पूरा कर लिया गया। इसके बाद मात्र 17 दिनों में परीक्षा परिणाम जारी कर दिए गए। मूल्यांकन प्रक्रिया में देश के विभिन्न प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थानों के करीब 300 शिक्षकों और प्राध्यापकों ने योगदान दिया। इनमें जामिया मिल्लिया इस्लामिया, जवाहरलाल नेहरू विवि, दिल्ली विवि, इलाहाबाद विवि और गोरखपुर विवि सहित कई संस्थानों के शिक्षक शामिल रहे।

प्रवेश में 1,886 की वृद्धि
प्रो. लोहनी के अनुसार 2025 सत्र में विश्वविद्यालय में कुल 46,558 प्रवेश हुए थे, जो 2026 सत्र में बढ़कर 48,444 हो गए। इस तरह 1,886 प्रवेश की वृद्धि के साथ करीब 4.05 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। नए प्रवेश भी 19,277 से बढ़कर 19,757 हो गए। विश्वविद्यालय ने अपनी शैक्षणिक पहुंच का विस्तार करते हुए नेपाल के शिक्षार्थियों के लिए भी प्रवेश प्रक्रिया शुरू की है।

पर्यावरण संरक्षण पर जोर
विश्वविद्यालय परिसर में उत्तराखंड मुक्त विवि और ईजी चार्ज के सहयोग से ई-वाहन चार्जिंग स्टेशन स्थापित किया गया है। इसका उद्देश्य विद्युत वाहनों के इस्तेमाल को बढ़ावा देना और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन को प्रोत्साहित करना है। इसके अलावा हरेला पर्व पर परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।

स्थापना दिवस और दीक्षांत समारोह की तैयारी
कुलपति ने बताया कि 18 अक्टूबर को हल्द्वानी स्थित मॉडल अध्ययन केंद्र के शिक्षार्थियों के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। विवि का 21वां स्थापना दिवस 31 अक्टूबर को मनाया जाएगा, जबकि आगामी दीक्षांत समारोह 18 नवंबर को प्रस्तावित है।

प्रेसवार्ता में कुलसचिव खेमराज भट्ट, वित्त नियंत्रक सूर्यप्रताप सिंह, निदेशक सीका प्रो. गिरिजा प्रसाद पाण्डेय, निदेशक, क्षेत्रीय सेवाएं प्रो. एम एम जोशी, प्रभारी परीक्षा नियंत्रक प्रो. आशुतोष भट्ट, पत्रकारिता विभाग के निदेशक प्रो. राकेश रयाल, प्रभारी (प्रवेश) डॉ. सुमित कुमार आदि मौजूद रहे।=

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button