चंपावत

अगले 50 वर्षों के हिसाब से हो रहा चंपावत का विकासः धामी

सीएम ने 96 करोड़ की 16 योजनाओं का किया लोकार्पण और शिलान्यास

Champawat News : चम्पावत, 18 अक्टूबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को चम्पावत में नवनिर्मित सर्किट हाउस का लोकार्पण किया। उन्होंने करीब 96 करोड़ रुपये की लागत वाली 16 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान धामी ने चम्पावत को आदर्श जनपद बनाने के संकल्प को दोहराया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि चम्पावत का विकास अगले 25 से 50 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखकर किया जा रहा है। सड़क, परिवहन, पार्किंग, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग समेत विभिन्न सड़कों को सुगम बनाने के साथ बाईपास, बहुमंजिला पार्किंग और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स जैसी परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है।

सीएम ने कहा कि जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए 66 करोड़ रुपये का ड्रेनेज प्लान तैयार किया गया है। विद्युत लाइनों को भूमिगत करने और दूरस्थ क्षेत्रों में संचार सुविधाएं बढ़ाने पर भी ध्यान दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने चम्पावत ब्लॉक की प्रत्येक ग्राम सभा को विकास कार्यों के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। जिससे सड़क, पुस्तकालय, आजीविका संवर्धन और आंगनबाड़ी केंद्रों के कार्य किए जा सकेंगे। उन्होंने 1.37 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित देवभूमि रजत जयंती पार्क का भी लोकार्पण किया।

उधर, जिला बार एसोसिएशन के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री ने अधिवक्ताओं को न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण स्तंभ बताया। उन्होंने अधिवक्ताओं के लिए चैंबर निर्माण, वाहन पार्किंग और आधुनिक ई-लाइब्रेरी स्थापित करने की घोषणा की। जनपद की न्याय पंचायतों में सामुदायिक भवन बनाने की भी घोषणा की गई।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों, महिला समूहों, आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, कर्मचारियों, पूर्व सैनिकों, पशुपालकों और राज्य आंदोलनकारियों समेत विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों की समस्याएं और सुझाव सुने।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, डीएम मनीष कुमार, एसपी रेखा यादव, दायित्वधारी श्याम नारायण पाण्डेय, मुकेश महाराना, गोविन्द सामंत, मुकेश कलखुड़िया, प्रकाश तिवारी, सतीश चन्द्र पाण्डेय, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, पूर्व विधायक पूरन सिंह फर्त्याल, पालिकाध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय, शंकर दत्त पाण्डेय, निदेशक केएमवीएन रोहित बिष्ट, गौरव पाण्डेय, एसडीएम बीसी पंत, अधिशासी अधिकारी भारत त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button