बनबसा-टनकपुर को सीएम धामी की चार सौगातें

बनबसा (चम्पावत), 4 अक्टूबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बनबसा में क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़ी चार महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों के समग्र विकास और स्थानीय लोगों की समस्याओं के समाधान को सरकार प्राथमिकता दे रही है।
मुख्यमंत्री ने श्रेणी-1 ‘ख’ के पट्टे और तराई-भाभर स्टेट के पट्टे की भूमि के पट्टेदारों के विनियमितीकरण की कार्यवाही जल्द शुरू करने की घोषणा की। इससे लंबे समय से लंबित इस मामले में संबंधित पट्टेदारों को राहत मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने शारदा कॉरिडोर और कैनाल कॉरिडोर के तहत बनबसा और टनकपुर के प्राचीन एवं पौराणिक मंदिरों के सौंदर्यीकरण और विस्तारीकरण की घोषणा भी की। इससे धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के विकास के साथ पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने एपीजे अब्दुल कलाम राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, टनकपुर के विस्तार के लिए 2.01 हेक्टेयर भूमि उपलब्ध कराने की घोषणा की। इससे कॉलेज में शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार का मार्ग प्रशस्त होगा।
इसके अलावा बनबसा और टनकपुर शहरी निकाय क्षेत्रों में प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के तहत सरकारी भूमि पर कच्चे व अस्थायी भवनों में रह रहे परिवारों को स्थायी पक्के आवास उपलब्ध कराने की घोषणा की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। सीमांत क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं, शिक्षा, पर्यटन और आवास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।



