देहरादूनस्वास्थ्य

मुख्यमंत्री धामी ने दिखाई आरोग्य रथों को हरी झंडी

अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ के दुर्गम इलाकों के लिए रवाना

देहरादून, 17 नवम्बर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कैंप कार्यालय से अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जनपदों के दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से दो मोबाइल मेडिकल यूनिट ‘आरोग्य रथ’ को हरी झंडी दिखाई। यह पहल पर्नोड रिकार्ड इंडिया फाउंडेशन के सीएसआर कार्यक्रम के तहत टीएसएल फाउंडेशन के सहयोग से शुरू की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्वतीय और दुर्गम क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उत्तराखंड की विषम भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों के नजदीक पहुंचाना बेहद आवश्यक है।

उन्होंने बताया कि आरोग्य रथ में चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, फार्मासिस्ट और आवश्यक दवाओं की व्यवस्था की गई है। इनके माध्यम से ग्रामीणों को प्राथमिक और निवारक स्वास्थ्य सेवाएं, स्वास्थ्य परीक्षण और चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही बीमारियों की प्रारंभिक पहचान और स्वास्थ्य जागरूकता को भी बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है। इस दिशा में सरकारी प्रयासों के साथ कॉर्पोरेट संस्थाओं और सामाजिक संगठनों की सहभागिता भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

मौके पर उत्तराखंड राज्य स्तरीय खेल परिषद के उपाध्यक्ष हेमराज बिष्ट, सदस्य पलायन निवारण आयोग अनिल सिंह शाही, सचिव स्वास्थ्य विनय शंकर पांडेय, अपर सचिव मनमोहन मैनाली, पर्नोड रिकार्ड इंडिया फाउंडेशन की सीनियर डायरेक्टर (सीएसआर) अनंतिका सिंह, टीएसएल ग्रुप के सीईओ साहिल अरोड़ा, डायरेक्टर आदेश गुप्ता आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button