बदरीनाथ मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद

बदरीनाथ, 16 नवंबर। विश्व प्रसिद्ध बदरीनाथ मंदिर के कपाट वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक रीति रिवाजों के बीच सोमवार रात्रि 9.37 बजे कर्क लग्न में शीतकाल के लिए बंद हो गये हैं। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान बदरी विशाल के दर्शन के लिए जुटे रहे।
सोमवार को सेना के बैंड की मधुर धुन और भगवान बदरी विशाल के उद्घोष के बीच धार्मिक रीति रिवाजों और परंपराओं के साथ बदरीनाथ मंदिर के कपाट बंद किए गए। कपाट बंद की प्रक्रिया रावल अमरनाथ नंबूदरी, धर्माधिकारी आचार्य स्वयंबर सेमवाल व वेदपाठियों ने संपन्न कराई।
कपाट बंद से पहले ब्रह्ममुहुर्त में मंदिर में अभिषेक श्रृंगार के पश्चात सामान्य दर्शन शुरू हुए। दिन में भोग लगा और दिनभर मंदिर श्रद्धालु दर्शन कर सांयकालीन पूजा में शामिल रहे। देर सांय 8 बजे से कपाट बंद होने की प्रक्रियाएं शुरू हुई। कपाट बंद से पूर्व रावल ने स्त्री रूप धारण कर लक्ष्मी जी को परिसर स्थित मंदिर से मंदिर के गर्भगृह में विराजमान किया। इसी तरह कुबेर जी व उद्धव जी को मंदिर परिसर में लाया गया। इसके पश्चात रावल द्वारा भगवान बदरीविशाल की निर्वाण मूर्ति को घृत कंबल ओढाने के बाद रात्रि 9 बजकर 37 मिनट पर मंदिर के कपाट बंद किए।
मंगलवार को उद्धव जी कुबेर जी और आदिगुरु शंकराचार्य की गद्दी पूर्वाह्न बदरीनाथ से अपने शीतकालीन प्रवासों को प्रस्थान करेगी। गरूड़ जी और आदिगुरु शंकराचार्य की गद्दी नृसिंह मंदिर ज्योर्तिमठ प्रस्थान करेंगे।
बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि साढ़े 23.50 लाख से अधिक रिकार्ड श्रद्धालु इस वर्ष बदरीनाथ में दर्शनों को पहुंचे है।
इस अवसर पर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज, दंडी स्वामी मुकुंदानंद, बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, विजय कप्रवाण, सलाहकार मुख्यमंत्री माधव सेमवाल, मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ आदि मोजूद रहे।



