
ऋषिकेश, 15 नवंबर। गढ़ सेवा संस्थान की ओर से 17 नवंबर को इगास बग्वाल एवं गढ़ रक्षक महोत्सव मनाया जाएगा। सांस्कृतिक संध्या में पारंपरिक भैलो और पांडवाज बैंड का लाइव कॉन्सर्ट प्रमुख आकर्षण होंगे। महोत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे।
संस्थान के अध्यक्ष रविंद्र सिंह राणा ने रविवार को मीडिया से महोत्सव की रूपरेखा साझा की। बताया कि हरिद्वार रोड स्थित आशीर्वाद वाटिका में 17 नवंबर को शाम पांच बजे से महोत्सव शुरू होगा। बताया कि महोत्सव का उद्देश्य युवाओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना, लोक परंपराओं का संरक्षण और उल्लेखनीय समाजसेवकों को सम्मानित करना है।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर उत्कृष्ट शिल्पकारों को भी सम्मानित किया जाएगा। बताया कि राज्यमंत्री वीरेंद्र दत्त सेमवाल विशिष्ट अतिथि और विधायक प्रेमचंद अग्रवाल कार्यक्रम अध्यक्ष होंगे। कार्यक्रम का संचालन आरजे काव्या द्वारा किया जाएगा।
महोत्सव में लकी ड्रॉ के माध्यम से एक्टिवा स्कूटी, मोबाइल, साइकिल समेत 12 पुरस्कार निकाले जाएंगे। प्रेस वार्ता में सचिव गोपाल सती, निदेशक देवेंद्र नेगी, मनोज ध्यानी, सुमित पंवार, ताजेंद्र सिंह नेगी, विजय रावत, दिनेश पायल, कौशल बिजल्वाण, अरुण बडोनी, भगवती प्रसाद रतूड़ी आदि मौजूद थे।



