भारत मंडपम में दिख रही उत्तराखंड की झलक
प्रदर्शित हो रहे पारंपरिक उत्पाद, हस्तशिल्प और व्यंजन

देहरादून, 14 नवम्बर। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ) में उत्तराखंड अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और स्थानीय उत्पादों की पहचान को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत कर रहा है। 14 से 27 नवम्बर तक आयोजित इस मेले की थीम ‘विकास और विरासत’ है।
उत्तराखंड पवेलियन हॉल नंबर-3 के प्रथम तल पर स्थापित किया गया है। यहां 40 से अधिक स्टॉल के माध्यम से प्रदेश के पारंपरिक उत्पादों, हस्तशिल्प, स्थानीय व्यंजनों और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया जा रहा है। इसमें स्थानीय उद्यमियों के साथ महिला उद्यमी भी अपने उत्पादों का प्रदर्शन कर रही हैं।
पवेलियन के माध्यम से स्थानीय कारीगरों, महिला उद्यमियों और स्वरोजगार से जुड़े लोगों को अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार और कारोबार विस्तार का अवसर मिल रहा है। इसके अलावा 20 नवम्बर को उत्तराखंड दिवस कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रदेश की लोक संस्कृति, परंपराओं और विरासत की झलक प्रस्तुत की जाएगी।



