गौचर मेला उत्तराखंड की ऐतिहासिक विरासतः धामी
सात दिवसीय मेले शुरू, स्थानीय उत्पादों को विश्व बाजार में पहुंचाने पर जोर

गोपेश्वर, 14 नवम्बर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गौचर में 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने गौचर मेले को उत्तराखंड की ऐतिहासिक विरासत, समृद्ध व्यापारिक परंपरा और सांस्कृतिक पहचान का जीवंत प्रतीक बताया। इस दौरान सीएम ने दो पेयजल योजनाओं का लोकार्पण किया। साथ पत्रकारिता एवं साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित किया।
गौचर पहुंचने पर मुख्यमंत्री का पारंपरिक तरीके से भव्य स्वागत किया गया। उन्होंने मेले के संस्थापक स्वर्गीय गोविन्द प्रसाद नौटियाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। स्थानीय विद्यालयों की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 1943 में भोटिया व्यापार मेले के रूप में शुरू हुआ गौचर मेला कभी भारत-तिब्बत व्यापार का महत्वपूर्ण केंद्र था। यहां ऊन, पश्मीना और जड़ी-बूटियों सहित स्थानीय उत्पादों का व्यापार होता था। आज यह मेला स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों, उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और विपणन का बड़ा मंच उपलब्ध करा रहा है। जो कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ’वोकल फॉर लोकल’ संकल्प को साकार करने का माध्यम भी है।
उन्होंने कहा कि चमोली का ऊनी हस्तशिल्प, राजमा, मंडुवा, झंगोरा, शहद और जड़ी-बूटियां देश-दुनिया के बाजारों तक पहुंचें, इसके लिए ’हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड शुरू किया गया है। इसका कारोबार छह करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर चुका है। कहा कि सरकार का प्रयास युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर पलायन रोकना है। इसके लिए पर्यटन, होम स्टे, फिल्म नीति और सौर स्वरोजगार जैसी योजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बदरीनाथ धाम तक सड़क संपर्क बेहतर बनाने के लिए चारधाम सड़क परियोजना और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना को क्षेत्र की आर्थिकी व पर्यटन के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने सिमली अस्पताल से जुड़े विषय पर शीघ्र कमेटी गठित कर संबंधित पक्षों को सुनने के निर्देश देने और प्रेस क्लब भवन के लिए उपयुक्त भूमि चयनित करने का आग्रह किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार ललित प्रसाद लखेड़ा को ’गोविन्द प्रसाद नौटियाल स्मृति सम्मान-2026’ और वरिष्ठ लेखक एवं प्रकाशक कीर्ति नवानी को ’पंडित महेशानन्द नौटियाल शिक्षा एवं साहित्य प्रसार सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने अमृत 2.0 के तहत 32.45 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित गौचर नगरीय पेयजल योजना और गैरसैंण में 459.32 लाख रुपये की लागत से गैरसैंण नगरीय पेयजल योजना के सुदृढ़ीकरण और मरम्मत कार्यों का लोकार्पण भी किया।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, दर्जा राज्य मंत्री हरक सिंह नेगी, बलवीर घुनियाल, रमेश गड़िया, रामचन्द्र गौड़, माधव प्रसाद सेमवाल, प्रेम सिंह राणा, चन्द्रकला तिवारी, अध्यक्ष जिला सहकारी बैंक गजेन्द्र सिंह रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह बर्त्वाल, पालिकाध्यक्ष संदीप नेगी, ब्लॉक प्रमुख कर्णप्रयाग दीपिका मैखुरी, अरुण मैठाणी, विनोद कनवासी, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, उपजिलाधिकारी अलकेश नौड़ियाल आदि मौजूद रहे।



