शीतकाल के लिए बंद हुए मद्महेश्वर के कपाट

रुद्रप्रयाग, 16 नवम्बर। द्वितीय केदार भगवान मद्महेश्वर मंदिर के कपाट विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इस अवसर पर श्रद्धालुओं और हक-हकूकधारियों ने पूजा-अर्चना में भाग लिया।
कपाट बंद होने के बाद भगवान मद्महेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना हुई। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार डोली रात्रि विश्राम के लिए गौण्डार गांव पहुंची। 17 नवंबर को राकेश्वरी मंदिर रांसी, 18 को गिरिया गांव में रात्रि प्रवास के बाद 19 को डोली ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ पहुंचेगी।
डोली के शीतकालीन गद्दीस्थल पहुंचने पर परंपरागत रूप से स्वागत एवं पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके बाद शीतकाल में भगवान मद्महेश्वर की नियमित पूजा ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में संपन्न होगी। श्रद्धालु शीतकाल के दौरान यहीं भगवान के दर्शन कर सकेंगे।



