सनसनी नहीं, जिम्मेदारी को प्राथमिकता दे पत्रकार

पौड़ी (गढ़वाल), 16 नवंबर। राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर पौड़ी में ‘सनसनी या जिम्मेदारी’ विषय पर गोष्ठी आयोजित की गई। पत्रकारों ने मौजूदा समय में चुनौतियों, खबरों की प्रस्तुति और सामाजिक जिम्मेदारियों पर विचार साझा किए। कहा कि पत्रकारिता में तथ्यों की प्रमाणिकता, निष्पक्षता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
वरिष्ठ पत्रकार अनिल बहुगुणा ने कहा कि खबरों को सनसनीखेज बनाने के लिए भ्रामक शीर्षकों का प्रयोग पत्रकारिता की विश्वसनीयता को प्रभावित करता है। शीर्षक उसकी वास्तविकता और गंभीरता के अनुरूप होना चाहिए। त्रिभुवन उनियाल ने कहा कि किसी भी खबर के प्रकाशन से पहले तथ्यों की पुष्टि जरूरी है।
कुलदीप बिष्ट ने कहा कि पत्रकारों को आमजन के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझना चाहिए। पत्रकारिता केवल समाचारों तक सीमित न रहकर सामाजिक सरोकारों से भी जुड़ी होनी चाहिए।
जिला सूचना अधिकारी योगेश पोखरियाल ने कहा कि तेजी से फैलती सूचनाओं के दौर में खबरों की तथ्यात्मक पुष्टि और भी जरूरी हो गई है। निष्पक्ष, निर्भीक और जिम्मेदार पत्रकारिता से ही मीडिया के प्रति जनता का विश्वास कायम रह सकता है।
मौके पर अजय रावत, बीपी बलोदी, मनोहर बिष्ट, जगमोहन डांगी, जसपाल नेगी, मुकेश आर्या, सिद्धांत उनियाल, प्रदीप नेगी, गणेश नेगी, मुकेश बछेती, पंकज रावत, दीपक बड़थ्वाल, करन नेगी, महेंद्र नेगी, अंकित उनियाल, गब्बर भंडारी, भगवान सिंह, विजय बहुगुणा, दीपक नौडियाल, जगत किशोर बड़थ्वाल, विजेंद्र नेगी, प्रदीप बंसल आदि मौजूद रहे।



