
देहरादून, 04 अक्टूबर। उत्तराखंड में रेल कनेक्टिविटी मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने तीन महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। रेलवे मंत्रालय ने बांद्रा टर्मिनस-दिल्ली सराय रोहिल्ला गरीब रथ एक्सप्रेस का हरिद्वार तक विस्तार करने के साथ हरिद्वार-वेरावल एसी एक्सप्रेस और हरिद्वार-ओखा एसी एक्सप्रेस के संचालन को मंजूरी दी है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर इसकी जानकारी दी। मुख्यमंत्री धामी ने निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि बेहतर रेल कनेक्टिविटी से उत्तराखंड की धार्मिक, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी। नई सेवाओं से तीर्थयात्रियों, पर्यटकों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और आम यात्रियों को सुविधा मिलने की उम्मीद है।



