कोटद्वार में एक दिसंबर को मेगा रोजगार मेला

पौड़ी, 18 नवम्बर। बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक दिसंबर को कोटद्वार में मेगा रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा। मेला कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग की ओर से राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित होगा। इसमें 40 से अधिक कंपनियां युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएंगी। मेले में केवल उत्तराखंड के युवा ही प्रतिभाग कर सकेंगे।
जिला सेवायोजन अधिकारी अजय सिंह ने बताया कि रोजगार मेले में विनिर्माण, सिडकुल, एमएसएमई, होटल व हॉस्पिटैलिटी, रिटेल और मॉल समेत विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियां शामिल होंगी। कंपनियों के प्रतिनिधि अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेकर चयन प्रक्रिया पूरी करेंगे।
उन्होंने बताया कि हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई, पॉलिटेक्निक डिप्लोमा, स्नातक और परास्नातक युवा मेले में प्रतिभाग कर सकते हैं। इस दौरान करियर काउंसलिंग सेमिनार भी आयोजित होगा।
इच्छुक अभ्यर्थी ऑनलाइन पंजीकरण व अन्य जानकारियां रोजगार पोर्टल www.rojgarprayag.uk.gov.in से ले सकते हैं। पंजीकरण लिंक, क्यूआर कोड और प्रतिभागी कंपनियों का विवरण अगले एक-दो दिनों में पोर्टल पर उपलब्ध कराया जाएगा। अभ्यर्थियों को अपडेटेड बायोडाटा, शैक्षिक व तकनीकी प्रमाण-पत्र और पहचान पत्र साथ लाना है।



