देहरादूनः दिव्यांग रोजगार मेले में 23 अभ्यर्थी शॉर्टलिस्ट
40 से अधिक अभ्यर्थियों ने दिया इंटरव्यू, 16 को वर्क फ्रॉम होम रोजगार

देहरादून, 23 अक्टूबर। दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से देहरादून में दिव्यांग रोजगार मेला आयोजित किया गया।
सेवायोजन कार्यालय में दिव्यांगजनों के लिए राष्ट्रीय करियर सेवा केंद्र ने अमेरिका इंडिया फाउंडेशन के सहयोग से मेला आयोजित किया। इसमें प्रदेशभर से 40 से अधिक दिव्यांग अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग कर विभिन्न कंपनियों में रोजगार के लिए साक्षात्कार दिए। कंपनियों ने 23 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया, जबकि 16 अभ्यर्थियों का वर्क फ्रॉम होम के लिए चयन किया गया।
केंद्र के उपनिदेशक डॉ. जैनेद्र कुमार ने बताया कि मेले का उद्देश्य दिव्यांग अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराना है। कंपनियों ने साक्षात्कार के माध्यम से अभ्यर्थियों की दक्षता का आकलन किया।
मेले में एडुस्किल सॉल्यूशन, निवा बूपा इंश्योरेंस लिमिटेड और बीपीओ क्षेत्र की कंपनियों ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर पुनर्वास अधिकारी संतोष कुमार सिंह, अमेरिका इंडिया फाउंडेशन के सोहनलाल आदि अधिकारी व प्रतिनिधि मौजूद रहे।



