‘ढोली’ फिल्म का चौथा गीत ‘जागर’ लोकार्पित
क्षेत्रीय सिनेमा को बढ़ावा देने पर मंथन, ढोल वादक और कलाकार सम्मानित

देहरादून, 24 नवम्बर। राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता गढ़वाली फिल्म ‘ढोली’ का चौथा गीत जागर का दून पुस्तकालय में लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय सिनेमा की संभावनाओं, लोक कलाकारों की भूमिका और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर चर्चा भी हुई।
मुख्य अतिथि प्रो. (डॉ.) संजय जसोला ने कहा कि फिल्म को राष्ट्रीय सम्मान मिलना उत्तराखंड के लिए गौरव की बात है। उन्होंने फिल्म को नई पीढ़ी तक पहुंचाने पर जोर दिया। कार्यक्रम अध्यक्ष पर्यावरणविद् कल्याण सिंह रावत ‘मैती’ ने कहा कि यह सम्मान उत्तराखंड के ढोल वादकों और समूचे सांस्कृतिक समाज का है।
अधिवक्ता ललित जोशी ने फिल्म के संगीत और दृश्यांकन को सराहा, साथ ही ढोल वादकों के बच्चों को शिक्षा देने की घोषणा की। रंगकर्मी अभिनंदा ने फिल्म के प्रचार में सहयोग देने की बात कही। निर्देशक दिनेश पी. भोसले ने फिल्म निर्माण की प्रक्रिया और इसके सांस्कृतिक उद्देश्य की जानकारी दी।
वहीं, फिल्म निर्देशक आशु चौहान, बीना बिश्नोई, संतोष डिमरी, प्रतीक पंवार, नवीन कंडवाल और मोहित घिल्डियाल ने भी क्षेत्रीय सिनेमा को आगे बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता बताई।
इस अवसर पर रुद्रप्रयाग के ढोल वादकों धनीराम और कुलदीप समेत लोक कलाकारों को सम्मानित किया गया। संचालन गायत्री टम्टा ने किया। मौके पर मदन मोहन डुकलान, अमित कपूर, कुलानंद घनशाला, रमाकांत बेंजवाल, मोहन प्रसाद डिमरी, अजय जोशी, चंद्रशेखर तिवारी, नीरा नंदा, दिनेश बौड़ाई, सुनील बडोनी, डॉ. डीके पांडे, परिणिता बडोनी, सुंदर बिष्ट, ज्ञान प्रकाश, बद्रीश छाबड़ा, शैलेन्द्र सेमवाल आदि मौजूद रहे।



