गढ़वाली फिल्म ‘बीरा’ का ट्रेलर, म्यूजिक, पोस्टर लॉन्च

देहरादून, 12 सितम्बर। संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने शनिवार को एक होटल में बालाजी प्रोडक्शन की गढ़वाली फिल्म ‘बीरा’ का ट्रेलर, म्यूजिक और पोस्टर लॉन्च किया।
महाराज ने कहा कि फिल्में मनोरंजन ही नहीं बल्कि समाज, संस्कृति, परंपराओं और स्थानीय जीवनशैली को देश-दुनिया तक पहुंचाने का प्रभावी जरिया भी हैं। उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता और समृद्ध लोक संस्कृति फिल्म निर्माताओं के लिए महत्वपूर्ण आकर्षण है। सरकार प्रदेश को फिल्म शूटिंग के लिए सुविधाजनक डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने के प्रयास कर रही है।
फिल्म निर्देशक देबू रावत ने बताया कि ‘बीरा’ पहाड़ के सरल जीवन, बदलते समय, रिश्तों और अपनी जड़ों से जुड़े रहने की कहानी को सामने लाती है। फिल्म में शिवानी भंडारी, नियो फर्स्वाण और सूरज कोटनाला सहित अन्य कलाकारों ने अभिनय किया है।
इस अवसर पर लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी, फिल्म निर्माता धीरज पप्पू सिंह आदि मौजूद रहे।



