पहाड़ों में बढ़ी पार्किंग सुविधाएं, 63 योजनाएं पूरी

देहरादून, 12 सितम्बर। उत्तराखंड में बढ़ते पर्यटन और चारधाम यात्रा के मद्देनजर पर्वतीय क्षेत्रों में पार्किंग सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। आवास विभाग ने पिछले चार वर्षों में 63 पार्किंग परियोजनाएं पूरी की हैं, जिनमें 4202 वाहन पार्क हो सकेंगे। इससे पर्यटन और तीर्थस्थलों पर पार्किंग और जाम की समस्या कम हो सकेगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर पर्वतीय जिलों के प्रमुख शहरों, पर्यटन केंद्रों और तीर्थस्थलों में पार्किंग नेटवर्क विकसित किया जा रहा है। उपलब्ध स्थान के अनुसार सरफेस, बहुमंजिला और ऑटोमेटेड पार्किंग का निर्माण कराया गया है।
नैनीताल के मेट्रोपोल होटल परिसर क्षेत्र में पार्किंग का निर्माण चल रहा है। इसके पूरा होने पर करीब 700 वाहन खड़े किए जा सकेंगे। वहीं कैंची धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए बहुमंजिला पार्किंग बनाई जा रही है, जिसमें 500 से अधिक वाहन पार्क हो सकेंगे।
सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति विभाग डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि पार्किंग सुविधाओं के विस्तार से पर्यटकों, श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को राहत मिली है।



