उत्तराखंड

सेवा संकल्प अभियान में बढ़ाएं जनभागीदारीः महाराज

देहरादून, 12 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उत्तराखंड में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने अधिकारियों के साथ बैठक की।

शनिवार को सुभाष रोड स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित बैठक में महाराज ने पर्यटन, लोक निर्माण, धर्मस्व, संस्कृति, सिंचाई, लघु सिंचाई और ग्रामीण निर्माण के अधिकारियों को अभियान में जनभागीदारी बढ़ाने को कहा। कहा कि सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों, गैस वितरण केंद्रों, राशन की दुकानों, धार्मिक स्थलों और गंगा तटों पर दीप प्रज्वलन के कार्यक्रम किए जाएं। जिनकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर भी साझा करें।

उन्होंने रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, पौधरोपण और गरीब कल्याण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। ब्लॉक स्तर पर ‘सेवा सेतु’, प्रदर्शनियां और सेमिनार आयोजित किए जाएंगे। संस्कृति विभाग के पंजीकृत दल पंचायत स्तर पर कार्यक्रम पेश करेंगे।

महाराज ने कहा कि अभियान का उद्देश्य सेवा और विकसित भारत-2047 के संकल्प को लोगों तक पहुंचाना है। जिलों में शिविर के साथ ग्राम प्रधानों, ब्लॉक प्रमुखों, नगर निकाय और जिला पंचायत प्रतिनिधियों, सांसदों, विधायकों के साथ संवाद कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।

बैठक में पर्यटन विभाग के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी नरेंद्र सिंह भंडारी, अपर निदेशक पूनम चंद, सिंचाई के प्रमुख अभियंता सुभाष चंद्र पांडे, लघु सिंचाई के प्रमुख अभियंता बीके तिवारी, लोनिवि के मुख्य अभियंता मुकेश सिंह परमार, ग्रामीण निर्माण के मुख्य अभियंता विभू रावत और संस्कृति विभाग के अपर निर्देशक शेखर पटवा आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button