उधमसिंह नगर

सीएम धामी ने किया झनकईया गंगा स्नान मेले का शुभारंभ

शारदा कॉरिडोर के तहत काला पुल के पास स्नान घाट बनाने की घोषणा

खटीमा, 24 नवम्बर। कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा में ऐतिहासिक झनकईया गंगा स्नान मेले का शुभारंभ किया। शारदा तट पर पूजा-अर्चना कर उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शारदा कॉरिडोर के अंतर्गत झनकईया और काला पुल के समीप पूर्णागिरि मंदिर क्षेत्र में स्नान घाटों के निर्माण की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मेला धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और भारत-नेपाल के पारंपरिक संबंधों का प्रतीक है। थारू समाज सहित विभिन्न समुदायों की सहभागिता इसे विशिष्ट पहचान देती है।

उन्होंने कहा कि सरकार सीमांत एवं जनजातीय क्षेत्रों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। अटल आवास योजना के तहत आय सीमा को व्यावहारिक बनाने और आवास सहायता बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना और प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) के माध्यम से जरूरतमंदों को पक्के आवास दिए जा रहे हैं। केंद्र से उत्तराखण्ड के लिए 50 हजार अतिरिक्त आवास स्वीकृत हुए हैं।

शिक्षा के विस्तार के लिए आश्रम पद्धति विद्यालयों, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों, केंद्रीय विद्यालयों, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई), पॉलिटेक्निक और छात्रावासों की सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और वन धन केंद्रों के माध्यम से जनजातीय महिलाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ा जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता, 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया को सरकार की प्रमुख उपलब्धियां बताया। उन्होंने प्रशासन को मेले में सुरक्षा, स्वच्छता और सुविधाएं बेहतर बनाने के निर्देश दिए। स्थानीय दुकानदारों से जलेबी और सिंघाड़े खरीदकर उन्होंने ’वोकल फॉर लोकल’ का संदेश भी दिया।

मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, पालिकाध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, गंभीर सिंह धामी, किशन सिंह किन्ना, फरजाना बेगम, मेला समिति अध्यक्ष शेर सिंह दानू, हिमांशु बिष्ट, रनदीप पोखरिया, डीएम नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति, एडीएम विनोद कुमार, निर्मला बिष्ट आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button