सौंग नदी के कायाकल्प के लिए बनेगी कार्ययोजना

देहरादून, 23 नवम्बर। उत्तराखण्ड में नदियों के प्रदूषण और जलजनित रोगाणुरोधी प्रतिरोध (AMR) की चुनौती से निपटने के लिए अब वैज्ञानिक अध्ययन के साथ ठोस कार्ययोजना तैयार करने की पहल शुरू हुई है। इंटरनेशनल वाटर मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट (IWMI) और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की (IITR) की ओर से सौंग नदी बेसिन पर दो दिनी कार्यशाला आयोजित की जा रही है।
कार्यशाला का उद्देश्य ’वन हेल्थ’ दृष्टिकोण के तहत जल प्रदूषण और एएमआर की समस्या का समग्र समाधान तलाशना है। सीजीआईएआर के सस्टेनेबल एनिमल एंड एक्वेटिक फूड्स (SAAF) कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित इस पहल में जल गुणवत्ता निगरानी, जलविज्ञान मॉडलिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित पूर्वानुमान के माध्यम से प्रदूषण के हॉटस्पॉट और उनके स्रोतों की पहचान की जाएगी।
कार्यशाला में सौंग नदी के पुनर्जीवन के लिए साझा वन हेल्थ मार्गदर्शक ढांचा तैयार करने तथा भूमि, जल और खाद्य प्रणालियों में AMR के प्रसार को रोकने के उपायों का समाधान कैटलॉग विकसित करने पर भी चर्चा हो रही है। इसमें सिंचाई, प्रदूषण नियंत्रण, पशुपालन, जनस्वास्थ्य, नदी कायाकल्प और विभिन्न शोध संस्थानों के विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं।
मुख्य अतिथि दिलीप जावलकर, सचिव जलागम एवं मुख्य परियोजना निदेशक (WMD) ने कहा कि सौंग नदी के स्वास्थ्य को सुरक्षित रखना समय की आवश्यकता है। इसके लिए प्रदूषण नियंत्रण, जल संरक्षण और विभिन्न विभागों के बीच प्रभावी समन्वय जरूरी है। इससे नदी की पारिस्थितिकी के साथ जनस्वास्थ्य की भी रक्षा की जा सकेगी।
वहीं, IIT रुड़की के प्रो. सुमित सेन ने एकीकृत मॉडलिंग के जरिए प्रदूषण और AMR के प्रभावों का आकलन करने पर जोर दिया। उन्होंने SWAT और BFTM मॉडलिंग के माध्यम से सौंग नदी बेसिन की स्थिति और संभावित हस्तक्षेपों के परिणाम प्रस्तुत किए।



