Haridwar: सीएम धामी ने गंगा में छोड़े मछली के 10 हजार बीज

हरिद्वार, 22 नवंबर। विश्व मात्स्यिकी दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अमरापुर घाट में गंगा नदी में 10 हजार मत्स्य बीजों को छोड़ा। मत्स्य विभाग के कार्यक्रम का मकसद गंगा की प्राकृतिक मत्स्य संपदा का संवर्धन के साथ जलीय जैव विविधता को बढ़ावा देना और नदी के पारिस्थितिकीय संतुलन के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मां गंगा आस्था, संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक ही नहीं, बल्कि समृद्ध जैव विविधता और प्राकृतिक संसाधनों का भी महत्वपूर्ण आधार हैं। कहा कि जलीय जीवों और प्राकृतिक मत्स्य संपदा का संरक्षण पर्यावरण संतुलन के लिए बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि गंगा की निर्मलता, अविरलता और प्राकृतिक स्वरूप बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। कहा कि नदियों में उपयुक्त प्रजातियों के मत्स्य बीजों का संचयन जलीय पारिस्थितिकी को मजबूत करने और मत्स्य संसाधनों के सतत विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने आमजन से गंगा सहित प्रदेश की सभी नदियों को स्वच्छ रखने, जल प्रदूषण रोकने और जलीय जीवों के प्राकृतिक आवासों के संरक्षण में सहयोग की अपील भी की।
मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, डीएम मयूर दीक्षित, सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र, एसडीएम योगेश मेहरा, सहायक निदेशक मत्स्य गरिमा मिश्रा, सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी आदि मौजूद रहे।



