उत्तराखंड

पीएम मोदी से मिले सीएम धामी, मांगा केंद्र का सहयोग

देहरादून, 20 नवंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात कर उत्तराखंड के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य की भौगोलिक परिस्थितियों और सीमित वित्तीय संसाधनों का उल्लेख करते हुए आधारभूत सुविधाओं, सड़क एवं रेल कनेक्टिविटी, पर्यटन, स्वास्थ्य, शिक्षा और ऊर्जा क्षेत्र की महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए केंद्र सरकार से सहयोग मांगा।

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य को एमपी कैपिंग से छूट देने और चिन्यालीसौड़ एयरस्ट्रिप के विस्तार, आधुनिकीकरण और सिविल-मिलिट्री उपयोग के लिए वित्तीय एवं तकनीकी सहायता का अनुरोध किया। उन्होंने कुमाऊं क्षेत्र की कनेक्टिविटी और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए दिल्ली से हल्द्वानी तक एक्सप्रेस-वे निर्माण की स्वीकृति भी मांगी।

रेल कनेक्टिविटी के विस्तार के तहत टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन के लिए रोड-कम-रेल टनल, अतिरिक्त अलाइनमेंट का फाइनल लोकेशन सर्वे, बागेश्वर-कर्णप्रयाग रेल लाइन का सर्वेक्षण, हरिद्वार-देहरादून रेल लाइन के दोहरीकरण और ऋषिकेश-उत्तरकाशी रेल लाइन के प्रस्ताव पर विचार करने का आग्रह किया। साथ ही देहरादून से हरिद्वार तक आरआरटीएस विस्तार के लिए मेरठ-मोदीपुरम से हरिद्वार तक फिजिबिलिटी स्टडी कराने का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री ने किच्छा में अखिल भारतीय आयुर्वेदिक संस्थान स्थापित करने की मांग भी प्रधानमंत्री के सामने रखी। उन्होंने कुंभ-2027 के आयोजन के लिए ₹500 करोड़ और एसएएससीआई के अंतर्गत लगभग ₹9,500 करोड़ की सहायता के लिए आभार जताया। इसके अलावा स्मार्ट मीटरिंग एवं विद्युत प्रणाली के सुदृढ़ीकरण के लिए ₹3,436.08 करोड़ और चम्पावत बाईपास के लिए ₹199 करोड़ की स्वीकृति पर धन्यवाद दिया।

बैठक में पर्यटन विकास पर भी विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने बताया कि रामनगर, देहरादून, ऋषिकेश और त्रियुगीनारायण को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है। वहीं बेलकेदार, अंजनीसैंण, टिहरी, लोहाघाट और श्यामलाताल को आध्यात्मिक पर्यटन केंद्र बनाने की दिशा में काम हो रहा है। शीतकालीन यात्रा, आदि कैलाश, साहसिक पर्यटन और वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के माध्यम से स्थानीय रोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है।

धामी ने प्रधानमंत्री को बताया कि हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड का कारोबार ₹6.9 करोड़ तक पहुंच गया है। स्थानीय उत्पादों को अमेजन, ओएनडीसी, जियोमार्ट, बिग बास्केट और ब्लिंकिट जैसे प्लेटफॉर्म के जरिए बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है। एक्सपोर्ट प्रिपेयर्डनेस इंडेक्स में छोटे राज्यों की श्रेणी में उत्तराखण्ड प्रथम रहा है।

मुख्यमंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में क्लस्टर विद्यालयों, भारत दर्शन कार्यक्रम के तहत 379 मेधावी विद्यार्थियों के शैक्षिक भ्रमण और प्रस्तावित उत्तराखंड दर्शन कार्यक्रम की जानकारी भी दी। कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। सरकार विकसित उत्तराखंड के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button