भूमिगत बिजली लाइनों का काम तय समय में करें पूरा

ऋषिकेश, 19 नवंबर। क्षेत्रीय विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने विद्युत अधिकारियों से भूमिगत विद्युत लाइन के कार्यों की प्रगति जानी। उन्होंने अधिकारियों को कार्य को गुणवत्ता और तय समय में पूरा करने को कहा।
अग्रवाल ने कहा कि भूमिगत विद्युत लाइन के लिए खोदी गई सड़कों से आमजन को आवागमन में परेशानी हो रही है, लोग चोटिल भी हो रहे हैं। उन्होंने सड़कों को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इस बारे उन्होंने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से भी फोन पर वार्ता की।
उन्होंने बताया कि परियोजना के तहत करीब 50 ट्रांसफार्मर स्थापित किए जाने हैं। इसके लिए अधिकारियों को स्थानीय लोगों के साथ समन्वय बनाकर काम करने के निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने कुंभ से जुड़े विद्युत कार्यों और नगर निगम में निर्माणाधीन सब स्टेशन की जानकारी भी ली। साथ ही कुंभ निधि से प्रस्तावित कार्यों का ब्योरा भी मांगा।
बैठक में अधिशासी अभियंता अमित सक्सेना, सहायक अधिशासी अभियंता गुरदीप सिंह, सहायक अधिशासी अभियंता रुपेश मौजूद रहे।



