देहरादून

पंतनगर से काठमांडू की सीधी उड़ान हमारा सपनाः महाराज

देहरादून, 19 नवंबर। उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने भारत और नेपाल के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन संबंधों को मजबूत करने को लेकर ‘एक तराई, दो राष्ट्र’ की अवधारणा पर संयुक्त सीमा-पार पर्यटन सर्किट विकसित करने का प्रस्ताव रख है। उन्होंने यह प्रस्ताव नई दिल्ली के कनाट प्लेस स्थित एक होटल में नेपाल दूतावास और नेपाल पर्यटन बोर्ड की ओर से आयोजित ‘नेपाल कॉलिंग’ डेस्टिनेशन प्रमोशन कार्यक्रम में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए रखा।

महाराज ने कहा कि भारत-नेपाल का संबंध केवल पड़ोसी देशों का नहीं, बल्कि आस्था, संस्कृति और रोटी-बेटी का रिश्ता है। उत्तराखंड का तराई क्षेत्र और नेपाल के कंचनपुर व कैलाली जिले प्राकृतिक, सांस्कृतिक और धार्मिक रूप से एक-दूसरे से जुड़े हैं। इस क्षेत्र को संयुक्त पर्यटन सर्किट के रूप में विकसित करने से दोनों देशों में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ेगी और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

उन्होंने कॉर्बेट, नन्धौर और शुक्लाफांटा राष्ट्रीय उद्यान को जोड़कर ‘तराई आर्क टाइगर ट्रेल’ विकसित करने और खटीमा में थारू हेरिटेज होमस्टे क्लस्टर बनाने का सुझाव दिया। साथ ही पूर्णागिरि धाम और नेपाल के सिद्ध बाबा मंदिर को जोड़कर संयुक्त धार्मिक यात्रा शुरू करने की पैरवी की।

महाराज ने पंचेश्वर बहुउद्देशीय परियोजना में जलाशय पर्यटन का प्रावधान करने, पंतनगर से काठमांडू और देहरादून से काठमांडू के बीच सीधी हवाई सेवा शुरू करने और टनकपुर-महेन्द्रनगर लिंक रोड का कार्य शीघ्र शुरू कराने की आवश्यकता जताई।

उन्होंने केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत से तराई-महाकाली पर्यटन सर्किट को स्वदेश दर्शन 2.0 और प्रसाद योजना में प्राथमिकता देने की मांग की। साथ ही उत्तराखंड और नेपाल के सुदूर पश्चिम प्रदेश के बीच संयुक्त पर्यटन कार्यदल गठित करने का प्रस्ताव रखा।

इस अवसर पर केन्द्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत, नेपाल के संस्कृति, पर्यटन व नागरिक उड्डयन मंत्री खड्क राज पौडेल ’गणेश’, नेपाल के राजदूत समेत नेपाल पर्यटन बोर्ड के पदाधिकारी, पर्यटन उद्योगों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button