कुंभ-2027: सुरक्षा, सुविधा और स्वच्छता पर रहेगा जोर

हरिद्वार, 15 अक्टूबर। हरिद्वार कुंभ-2027 को दिव्य व भव्य स्वरूप में आयोजित करने के लिए राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने समीक्षा बैठक के दौरान विभागों को निर्धारित समयपर कार्य पूरे करने के निर्देश दिए। कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।
बृहस्पतिवार को मेला नियंत्रण भवन में आयोजित बैठक में महाराज ने कहा कि पिछले कुंभ के अनुभवों के आधार पर भीड़ के दृष्टिगत कार्ययोजना तैयार की जाए। बसों और ट्रेनों के संचालन की ठोस योजना बनाने के साथ उसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।
उन्होंने भीड़भाड़ वाले दिनों में भगदड़ की आशंका रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरतने, ट्रेनों के प्रस्थान से ठीक पहले प्लेटफॉर्म बदलने जैसे अचानक निर्णयों से बचने और आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी के लिए वैकल्पिक मार्ग तैयार रखने के निर्देश दिए।
महाराज ने पर्याप्त पार्किंग स्थल और अस्थायी बस अड्डे विकसित करने के साथ प्रमुख घाटों तक शटल बस सेवाएं संचालित करने पर जोर दिया। सड़कों, पुलों, घाटों और मंदिरों तक जाने वाले मार्गों की मरम्मत व निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और रोप-वे की जांच कराने के निर्देश भी दिए।
कैबिनेट मंत्री ने कुंभ क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, अस्पतालों, एंबुलेंस, दवाओं और चिकित्साकर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए एसओपी का कड़ाई से पालन कराने, स्वच्छ पेयजल, सीवरेज निस्तारण और साफ-सुथरे शौचालयों की व्यवस्था पर भी जोर दिया। घाटों पर सुरक्षा प्रबंधों के साथ वृद्धजनों व दिव्यांगजनों के लिए रैंप और पर्याप्त चेंजिंग रूम उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने विद्युत व दूरसंचार सेवाएं निर्बाध रखने और प्रमुख मंदिरों, पुलों और घाटों को आकर्षक लाइटिंग और सजावट से भव्य स्वरूप देने को कहा। साथ ही उत्तराखंड की सांस्कृतिक व धार्मिक विरासत के व्यापक प्रचार-प्रसार और साधु-संतों की शोभायात्राओं में स्वागत की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
मेलाधिकारी सोनिका ने बताया कि अधिकांश निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के अनुरूप आगे बढ़ रहे हैं। पुलों, घाटों और सड़कों से जुड़ी प्रमुख परियोजनाओं की निगरानी की जा रही है और कार्यदायी संस्थाओं को काम में तेजी लाकर समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में डीएम मयूर दीक्षित, नगर आयुक्त नंदन कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, प्रभागीय वनाधिकारी स्वप्निल अनिरुद्ध, सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी, एचआरडीए सचिव प्रत्यूष सिंह, उप मेला अधिकारी आकाश जोशी, तकनीकी सेल के अधीक्षण अभियंता मनोज भट्ट, लोनिवि अधीक्षण अभियंता डीपी सिंह, सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता मनोज कुमार सिंह, जल संस्थान के अधीक्षण अभियंता यशवीर मल्ल, पेयजल निगम के अधीक्षण अभियंता जीएस तोमर, एनएचएआई के परियोजना निदेशक पुनीत गर्ग आदि मौजूद रहे।



