एकेश्वर में 762 लाख की सड़कों का लोकार्पण-शिलान्यास

एकेश्वर (पौड़ी गढ़वाल), 28 नवम्बर। कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने विकासखंड एकेश्वर के ग्राम गोर्ली के निकट धामलू स्थित शिव मंदिर परिसर में 762.18 लाख रुपये की सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया।
इस दौरान उन्होंने 66.90 लाख रुपये की लागत से निर्मित डीब बैंड-किमोली मोटर मार्ग के डामरीकरण और 189.70 लाख रुपये की लागत से पाटीसैंण-तछवाड़ मोटर मार्ग के सुधारीकरण व डामरीकरण कार्य का लोकार्पण किया। वहीं, 505.58 लाख रुपये की लागत से बनने वाले भंडारी गांव-मोंदाड़ी-पर्याण मोटर मार्ग का शिलान्यास किया।
महाराज ने कहा कि देश व प्रदेश का विकास भाजपा सरकारें ही कर सकती हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड पर्यटन, तीर्थाटन व योग आदि विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि सड़क कनेक्टिविटी, रोप-वे परियोजनाओं और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेललाइन जैसी योजनाओं ने प्रदेश को विश्वस्तरीय पर्यटन गंतव्य बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। डबल इंजन सरकार विकास के प्रति प्रतिबद्ध है। केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाते हुए प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं।
मौके पर विधानसभा प्रभारी दर्शन दानू, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुयश रावत, राकेश नैथानी, सर्वेन्द्र कुमार, शैलेन्द्र दर्शन, ओमपाल बिष्ट, सतराज नेगी, बृजमोहन रावत, नरेन्द्र डंडरियाल, सीमा सजवाण, गणेश नेगी, प्रभुशरण बुड़ाकोटी, राकेश गौड़, देवेन्द्र भट्ट, नीलम रावत आदि मौजूद रहे।



