उत्तराखंडः रिपोर्ट कार्ड के साथ भाजपा का वॉर रूम एक्टिव

BJP Uttarakhand : देहरादून, 26 नवम्बर। विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच भाजपा ने अपनी तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है। गुरुवार को प्रदेश कार्यालय में चुनावी वॉर रूम का विधिवत शुभारंभ किया गया। साथ ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार के पांच साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड भी जारी किया गया।
भाजपा के इस वॉर रूम से प्रदेश भर में चुनाव प्रबंधन, संगठनात्मक समन्वय, बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता, सरकार की उपलब्धियों के प्रचार-प्रसार और चुनावी अभियानों की निगरानी होगी। पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में प्रदेश में संगठन को मजबूत करने और चुनावी तैयारियों को गति देने का संकल्प जताया।
रिपोर्ट कार्ड जारी करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भाजपा जनता के बीच अपने कामकाज का लेखा-जोखा लेकर जाती है। वर्ष 2022 में भी पार्टी ने रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत किया था। दावा किया कि जनता से किए गए वादों को पूरा किया गया है अथवा उन्हें पूरा करने की दिशा में कार्य जारी है। कहा कि प्रदेश में लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने का लक्ष्य लेकर पार्टी आगे बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री ने रोजगार, महिला सशक्तीकरण, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं को सरकार की प्रमुख प्राथमिकताएं बताया। कहा कि कोरोना काल में पर्यटन और परिवहन क्षेत्र के लिए 200 करोड़ रुपये और चिकित्सा क्षेत्र के लिए 205 करोड़ रुपये की सहायता दी गई। वात्सल्य योजना के माध्यम से महामारी में माता-पिता खोने वाले बच्चों को सहारा दिया गया।
उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता के लिए सख्त नकलरोधी कानून बनाया गया है। 11 हजार युवाओं को ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा दी गई, जबकि जर्मनी और जापान में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए 200 करोड़ रुपये का उद्यम निधि और मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन योजना के तहत छात्रवृत्ति का भी उल्लेख किया।
महिला सशक्तीकरण के लिए बैणी-भुली योजना और देवभूमि परिवार योजना का जिक्र करते हुए धामी ने कहा कि परिवार की वरिष्ठ महिला को मुखिया मानकर महिलाओं की भूमिका को प्राथमिकता दी गई है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश को जल्द 50 हजार मकान मिलने की उम्मीद जताई। बताया कि 63 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं।
जमरानी, लखवाड़, सौंग और किशाऊ बांध परियोजनाओं को विकास की महत्वपूर्ण उपलब्धियां बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र के सहयोग से इन परियोजनाओं का रास्ता आगे बढ़ा है। आपदा प्रबंधन विभाग को ब्रिक्स में सराहना मिलने और वन्यजीव हमलों से प्रभावित परिवारों की सहायता राशि बढ़ाकर 10 लाख रुपये करने की बात भी कही।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि चुनाव के समय पूरे कार्यकाल का लेखा-जोखा जनता के सामने रखना जरूरी है। केंद्र सरकार के सहयोग से राज्य में विकास कार्यों को गति मिली है। पार्टी अपने कार्यों और योजनाओं के आधार पर जनता के बीच जाएगी।
कार्यक्रम में भाजपा प्रभारी राम माधव, सह प्रभारी अरविंद मेनन, सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, पूर्व सीएम विजय बहुगुणा, डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, तीरथ सिंह रावत आदि मौजूद रहे।



