Dehradun: खेलों की पुरस्कार राशि बढ़ी, अब 50 खेल होंगे शामिल

देहरादून, 25 नवम्बर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी के तहत विभिन्न स्तरों पर विजेता खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि बढ़ाने को मंजूरी दी है। प्रतियोगिता में शामिल खेलों की संख्या भी 32 से बढ़ाकर 50 की जाएगी। इनमें प्रदेश के पारंपरिक खेलों को विशेष स्थान दिया जाएगा।
न्याय पंचायत स्तर पर प्रथम पुरस्कार 400, द्वितीय 300 और तृतीय 200 रुपये होगा। विधानसभा स्तर पर पुरस्कार राशि क्रमशः 700, 500 और 400 रुपये, संसदीय क्षेत्र स्तर पर 1,000, 800 और 600 रुपये और राज्य स्तर पर 2,000, 1,500 और 1,000 रुपये निर्धारित की गई है।
ओवरऑल विजेता जनपद को मिलने वाले मुख्यमंत्री कप की पुरस्कार राशि पांच लाख से बढ़ाकर दस लाख रुपये की गई है। प्रत्येक ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लब गठित होंगे।
इसके अलावा पीआरडी जवानों को होमगार्ड के समान मानदेय देने के लिए समिति गठित करने, सफाई कर्मियों का मानदेय बढ़ाने और आमवाला में मिनी स्टेडियम व अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र बनाने के लिए भूमि युवा कल्याण विभाग को हस्तांतरित करने की मंजूरी दी गई है।
चम्पावत के ढकना बडोला स्थित ऐड़ी ब्यानधुरा भूमिया मेला स्थल के सौंदर्यीकरण के लिए 109.88 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।



