सिख परंपरा समाज के लिए प्रेरणास्रोत : मुख्यमंत्री
गुरु नानकदेव के प्रकाश पर्व पर रेसकोर्स गुरुद्वारा पहुंचे सीएम धामी

देहरादून, 24 नवम्बर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रेसकोर्स स्थित गुरुद्वारा गुरुसिंह सभा में गुरु नानकदेव जी के 557वें प्रकाश पर्व के कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। उन्होंने मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु नानकदेव जी की तीन प्रमुख शिक्षाएं परमात्मा का स्मरण, ईमानदारी से मेहनत कर आजीविका अर्जित करना और अपनी कमाई को दूसरों के साथ साझा करना हमें बेहतर समाज बनाने की प्रेरणा देती हैं। सिख परंपरा की ‘सरबत दा भला’ की भावना सभी के सुख और कल्याण का संदेश देती है।
उन्होंने कहा कि सिख समाज ने सेवा, साहस और समर्पण की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाया है। देश की सीमाओं की रक्षा, आपदा राहत और जरूरतमंदों की सहायता में समाज का योगदान अनुकरणीय है।
धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में करतारपुर साहिब गलियारे को खोलने जैसे महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। उत्तराखंड का सिख परंपरा से गहरा आध्यात्मिक और ऐतिहासिक जुड़ाव है। बताया कि केंद्र सरकार ने गोविंदघाट से हेमकुंट साहिब तक 12.4 किलोमीटर लंबे रोपवे निर्माण को मंजूरी दी है। इससे श्रद्धालुओं, विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगजनों की यात्रा सुगम होगी।
इस अवसर पर गुरुद्वारा गुरुसिंह सभा के प्रधान गुरबख्श सिंह राजन, महासचिव गुलजार सिंह, बलजीत सोनी आदि मौजूद रहे।



