हरिद्वार

कार्तिक स्नानः हरिद्वार में आज मध्यरात्रि से भारी वाहनों की नो एंट्री

हरिद्वार, 23 नवंबर। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मंगलवार 24 नवंबर को गंगा स्नान पर्व को लेकर हरिद्वार पुलिस ने यातायात प्लान जारी कर दिया है। इसके तहत आज सोमवार मध्यरात्रि से स्नान पर्व की समाप्ति तक हरिद्वार शहर क्षेत्र में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

दिल्ली, मेरठ, मुजफ्फरनगर और पंजाब से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए नारसन, मंगलौर, कोर कॉलेज, ख्याति ढाबा, गुरुकुल कांगड़ी और शंकराचार्य चौक होते हुए हरिद्वार पहुंचने का मार्ग निर्धारित किया गया है। इन वाहनों की पार्किंग बैरागी कैंप, बीएचईएल और ऋषिकुल मैदान में होगी। यातायात का दबाव बढ़ने पर वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से बैरागी कैंप पार्किंग भेजा जाएगा।

दिल्ली और पंजाब-हरियाणा की ओर से आने वाले वाहनों का दबाव अधिक होने पर सहारनपुर, भगवानपुर, बिहारीगढ़ और मोहंड के रास्ते देहरादून-ऋषिकेश की ओर डायवर्जन किया जाएगा। वहीं दिल्ली-मेरठ से आने वाली बसों का दबाव बढ़ने पर देहरादून जाने वाले वाहनों को मुजफ्फरनगर के रामपुर तिराहे से देवबंद, कोलकी टोल और बिहारीगढ़ होते हुए भेजा जाएगा।

मुरादाबाद और नजीबाबाद की ओर से आने वाले छोटे वाहनों के लिए नजीबाबाद, चिड़ियापुर, श्यामपुर और चंडी चौक का मार्ग निर्धारित किया गया है। इनकी पार्किंग नीलधारा और गौरीशंकर में होगी। देहरादून-ऋषिकेश से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहन नेपाली फार्म और रायवाला होते हुए हरिद्वार पहुंचेंगे। इनके लिए लालजीवाला में पार्किंग निर्धारित की गई है।

स्नान पर्व के दौरान यातायात का दबाव बढ़ने पर ऑटो और विक्रम वाहनों के संचालन पर भी नियंत्रण रहेगा। देहरादून, ऋषिकेश और रायवाला की ओर से आने वाले ऑटो-विक्रम को जयराम मोड़ तक ही आने दिया जाएगा। ललतारा पुल से शिवमूर्ति तक ऑटो, विक्रम और टैक्सियों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। वहीं देवपुरा चौक से शिवमूर्ति चौक के अंदर ई-रिक्शा और ई-ऑटो की नो एंट्री रहेगी।

पुलिस के अनुसार यह प्रतिबंध मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व की समाप्ति तक जारी रहेगा। हालांकि, यातायात का दबाव बढ़ने पर अन्य वाहनों के लिए भी जरूरत के अनुसार डायवर्जन लागू किया जा सकेगा। पुलिस ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से निर्धारित रूट, पार्किंग और यातायात निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button