पौड़ी गढ़वाल

श्रीनगर में बनेगी साइंस सिटी, शुरू होगी दून तक हेली सेवा

बैकुंठ चतुर्दशी मेले का सीएम धामी ने किया शुभारंभ, पूजा अर्चना की

श्रीनगर (गढ़वाल), 23 नवंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बैकुंठ चतुर्दशी मेले एवं विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ पर कई विकास योजनाओं की घोषणा की। उन्होंने श्रीनगर में साइंस सिटी विकसित करने, नगर निगम के नए कार्यालय भवन और श्रीनगर से देहरादून के लिए हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने की बात कही। साथ ही धारी देवी मंदिर के समीप आधुनिक घाट विकसित करने और बैकुंठ चतुर्दशी मेले के आयोजन के लिए सरकारी सहयोग देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बैकुंठ चतुर्दशी मेला लोकसंस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार विकास के साथ सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। केदारखंड और मानसखंड मंदिर माला मिशन के माध्यम से धार्मिक व ऐतिहासिक स्थलों को नई पहचान दी जा रही है।

श्रीनगर के विकास कार्यों पर बताया कि करीब 200 करोड़ रुपये की सीवर लाइन परियोजना अंतिम चरण में है। 650 करोड़ रुपये की लागत से एनआईटी का निर्माण प्रगति पर है। बेस अस्पताल में 25 करोड़ रुपये की लागत से क्रिटिकल केयर ब्लॉक बनाया गया है। शहर में आधुनिक बस स्टैंड, पार्किंग और सड़क सुविधाओं के विस्तार के साथ पैरामेडिकल एवं नर्सिंग कॉलेज की स्थापना के प्रयास किए जा रहे हैं। नैथाणा और रानीहाट रेलवे स्टेशनों का निर्माण भी जारी है।

मुख्यमंत्री ने विष्णुप्रयाग, नंदप्रयाग, कर्णप्रयाग, रुद्रप्रयाग और देवप्रयाग में आधुनिक घाटों के निर्माण और सौंदर्यीकरण की घोषणा की। कहा कि हेलीकॉप्टर सेवा शुरू होने से स्थानीय लोगों और पर्यटकों को सुविधा मिलने के साथ पर्यटन और आपातकालीन सेवाओं को भी लाभ होगा।

उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण सरकार की प्राथमिकता है। आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में एक दिसंबर से वृद्धि की जाएगी। सरकार के प्रयासों से पिछले पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। नकल माफिया और भ्रष्टाचार के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की गई है।

इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने मेले में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और ग्रामोत्थान परियोजना के स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय उत्पादों और महिला स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों की जानकारी ली। वहीं उन्होंने सिलबट्टे पर पहाड़ी नमक भी पीसा।

सीएम धामी ने कमलेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना भी की। साथ ही कमलेश्वर महादेव से संबंधित विशेष डाक आवरण और शाइनी कृष्ण उनियाल की पुस्तक ’मां राजराजेश्वरी चालीसा’ का विमोचन किया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि श्रीनगर में शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल सुविधाओं के विस्तार के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं।

मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष पौड़ी रचना बुटोला, जिपं अध्यक्ष रुद्रप्रयाग पूनम कठैत, विधायक देवप्रयाग विनोद कंडारी, पौड़ी राजकुमार पोरी, मेयर आरती भंडारी, डीएम स्वाति एस. भदौरिया, एसएसपी सर्वेश पंवार, सीडीओ अशोक जोशी, एसडीएम नूपुर वर्मा, कृष्णा त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button